More
    Homeराजनीतिउद्धव सेना ने NDA समर्थकों को कहा गद्दार, BJP ने बालासाहेब की...

    उद्धव सेना ने NDA समर्थकों को कहा गद्दार, BJP ने बालासाहेब की विचारधारा पर घेरा

    मुंबई। परिसीमन विधेयक को लेकर महाराष्ट्र की सियासत में तीखी बयानबाजी तेज हो गई है। शिवसेना (उद्धव बालासाहेब ठाकरे) के सांसद संजय राउत द्वारा परिसीमन विधेयक का समर्थन करने वालों को देश का गद्दार बताए जाने पर भाजपा विधायक राम कदम ने पलटवार किया है। उन्होंने कहा कि संजय राउत को इतिहास का स्मरण रखना चाहिए। देश में अब तक चार बार परिसीमन हो चुका है, तो क्या अतीत में परिसीमन का समर्थन करने वाले सभी लोग भी गद्दार थे? राम कदम ने आरोप लगाया कि असली गद्दारी उद्धव ठाकरे ने की है, जिन्होंने दिवंगत बालासाहेब ठाकरे की हिंदुत्व विचारधारा का त्याग कर कांग्रेस से हाथ मिला लिया।

    असली गद्दारी बालासाहेब के हिंदुत्व को छोड़ना

    गौरतलब है कि संजय राउत ने शुक्रवार को प्रस्तावित परिसीमन विधेयक को देश के विरुद्ध और लोकतंत्र विरोधी करार देते हुए केंद्र सरकार पर हमला बोला था। उन्होंने कहा था कि संसद में जो भी सांसद इस विधेयक के पक्ष में वोट डालेंगे, उन्हें इतिहास में देशद्रोही के रूप में याद रखा जाएगा। इसी बयान पर भाजपा नेता राम कदम ने कड़ी प्रतिक्रिया दी है।

    1952 से अब तक चार बार हो चुका है परिसीमन

    भाजपा विधायक राम कदम ने कहा कि राउत परिसीमन विधेयक के समर्थकों को गद्दार कह रहे हैं, लेकिन उन्हें देश का इतिहास याद रखना चाहिए। आंकड़ों का हवाला देते हुए कदम ने कहा कि 1952 में हुए भारत के पहले लोकसभा चुनाव में 17 करोड़ मतदाता और 489 सांसद थे, जबकि आज मतदाताओं की संख्या लगभग पांच गुना बढ़कर 98 करोड़ हो चुकी है और सांसदों की संख्या 543 ही बनी हुई है। उन्होंने सवाल किया कि देश में अब तक चार बार परिसीमन हो चुका है, तो क्या पूर्व में इसका समर्थन करने वाले भी गद्दार थे?

    उद्धव गुट पर निशाना साधते हुए उन्होंने कहा कि असली गद्दारी तो बालासाहेब ठाकरे के हिंदुत्व के विचारों को छोड़कर कांग्रेस के साथ जाना था। इस बयान के बाद परिसीमन के मुद्दे पर भाजपा और शिवसेना (यूबीटी) के बीच राजनीतिक टकराव और गहरा गया है।

    संजय राउत का आरोप, 2029 के चुनाव की हार को देखकर लाया जा रहा विधेयक

    इससे पहले संजय राउत ने मुंबई में मीडिया से बातचीत करते हुए आरोप लगाया था कि केंद्र सरकार वर्ष 2029 के लोकसभा चुनाव को ध्यान में रखते हुए परिसीमन विधेयक लाने की तैयारी कर रही है। उन्होंने दावा किया कि सरकार लोकसभा की मौजूदा 543 सीटों को बढ़ाकर 860 करने की योजना बना रही है।

    राउत ने कहा था कि भाजपा को 2029 के चुनाव में संभावित पराजय का अंदेशा है, इसलिए वह परिसीमन के जरिए नया सियासी समीकरण गढ़ना चाहती है। उन्होंने प्रस्तावित विधेयक को लोकतंत्र और देशहित के खिलाफ बताते हुए विपक्षी दलों से इसका विरोध करने का आह्वान किया।

    इंडिया गठबंधन मिलकर तय करेगा परिसीमन पर रणनीति

    राज्यसभा सांसद संजय राउत ने यह भी साफ किया कि परिसीमन विधेयक को लेकर विपक्ष की रणनीति कोई एक दल अकेले तय नहीं करेगा, बल्कि इंडिया गठबंधन के सभी घटक दल मिलकर निर्णय लेंगे। उन्होंने सवाल किया कि केंद्र सरकार परिसीमन विधेयक को इतनी जल्दबाजी में क्यों आगे बढ़ाना चाहती है।

    इस दौरान राउत ने आरोप लगाया कि देशभर में एक तरह का नेशनल हॉर्स ट्रेडिंग स्टॉक एक्सचेंज चल रहा है, जहां सांसदों की क्रॉस वोटिंग के लिए कथित तौर पर 150 करोड़ रुपये तक की कीमत तय की गई है।

    30 नवंबर से शुरू होगा संसद का सत्र

    उल्लेखनीय है कि लोकसभा सचिवालय ने 18वीं लोकसभा के आठवें सत्र का दूसरा चरण 30 नवंबर से शुरू करने की घोषणा की है, जिसके तीन दिसंबर तक चलने की संभावना है। वहीं, केंद्रीय संसदीय कार्य मंत्री किरेन रिजिजू ने लोकसभा अध्यक्ष और राज्यसभा के सभापति से क्रमशः 30 नवंबर और दो दिसंबर को सदनों की बैठक बुलाने का आग्रह किया है।

    सरकार ने अभी तक यह स्पष्ट नहीं किया है कि इस सत्र में कौन-कौन से विधेयक लाए जाएंगे। हालांकि, परिसीमन विधेयक और महिला आरक्षण कानून के लागू होने को लेकर अटकलें तेज हैं। प्रस्तावित परिसीमन के तहत लोकसभा की सीटों की संख्या बढ़ाकर 850 करने की चर्चा है। ऐसे में परिसीमन विधेयक को लेकर भाजपा और विपक्षी दलों के बीच टकराव आने वाले दिनों में और बढ़ने की संभावना है।

    latest articles

    explore more

    LEAVE A REPLY

    Please enter your comment!
    Please enter your name here