मुंबई : भारत का फेमस EDM आयोजन सनबर्न फेस्टिवल पहली बार मुंबई में होने जा रहा है। सनबर्न फेस्टिवल हमेशा गोवा में होता था। यह पहली बार है जब यह गोवा से मुंबई शिफ्ट हो गया है। यह फेस्टिवल इसी साल आयोजित किया जाएगा। महाराष्ट्र सरकार के पर्यटन विभाग के प्रमुख सचिव अतुल पाटणे ने सनबर्न फेस्टिवल की जानकारी दी। उन्होंने कहा कि महाराष्ट्र हमेशा से भारत की संस्कृति और मनोरंजन को आगे बढ़ाने में सबसे आगे रहा है। इसी दिशा में यह कदम उठाया गया है। अतुल पाटणे ने बताया कि मुंबई में सनबर्न फेस्टिवल जैसे बड़े इवेंट्स लाकर हम एक ऐसा माहौल बना रहे हैं जिससे म्यूजिक टूरिज्म को बढ़ावा मिले। इस इवेंट से पूरी दुनिया का ध्यान हमारी तरफ होगा। लोकल बिजनेस बढ़ेंगे और महाराष्ट्र एक शानदार डेस्टिनेशन के बनकर उभरेगा।
दिसंबर में होगा आयोजन
सनबर्न फेस्टिवल 19, 20 और 21 दिसंबर 2025 को मुंबई में आयोजित किया जाएगा। इस साल, सनबर्न फेस्टिवल को DJ Mag की 'टॉप 100 फेस्टिवल्स ऑफ 2025' लिस्ट में रखा गया है। यह लिस्ट में 8वें स्थान पर है। DJ Mag एक प्रसिद्ध मैगजीन है जो दुनिया के बेस्ट फेस्टिवल्स की लिस्ट निकालती है।
म्युजिक टूरिज्म को मिलेगा बढ़ावा
सनबर्न के CEO करण सिंह ने इस बारे में बात करते हुए कहा कि लगभग 20 साल पहले हमने एक सपना देखा। यह सपना था भारत में एक वर्ल्ड-क्लास EDM फेस्टिवल का होना। हमने इसी सपने के साथ सनबर्न फेस्टिवल शुरू किया। आज इस सनबर्न फेस्टिवल ने भारत को दुनिया के एंटरटेनमेंट मैप पर ला दिया है। इस फेस्टिवल ने म्यूजिक टूरिज्म को बढ़ावा दिया है।
सनबर्न फेस्टिवल के सीईओ क्या बोले
करण सिंह ने कहा कि गोवा सनबर्न फेस्टिवल की कहानी का एक अहम हिस्सा रहा है। गोवा में ही सनबर्न फेस्टिवल होता था। करण सिंह ने कहा कि लेकिन आगे बढ़ना भी जरूरी है। सनबर्न फेस्टिवल को मुंबई लाना सही फैसला है। इससे मुंबई में नई एनर्जी पैदा होगी और नए लोग हमने जुड़ेंगे। मुंबई हमेशा आगे बढ़ता रहता है और युवा दिलों की धड़कन है इसलिए इस फेस्टिवल के लिए यह परफेक्ट जगह है।
कई फेमस कलाकार देते हैं परफॉर्मेंस
करण सिंह ने कहा कि महाराष्ट्र सरकार ने मुंबई को भारत की फेस्टिवल कैपिटल बनाने में मदद की है। इस साल इस महोत्सव का अलग ही एक्साइटमेंट है। 2007 से, मार्टिन गैरिक्स, स्क्रिलेक्स, स्वीडिश हाउस माफिया, एलन वॉकर, आर्मिन वैन बुरेन, डीजे स्नेक, टिएस्टो, द चेन्समोकर्स, डेविड गुएटा और हार्डवेल जैसे बड़े कलाकारों ने सनबर्न के स्टेज पर परफॉर्मेंस दी है। बड़े कलाकारों के इस मंच पर आने से य फेस्टिवल इलेक्ट्रॉनिक म्यूजिक के दीवानों के लिए एक खास जगह बन गया है।
गोवा बनाम मुंबई का खतरा
हालांकि सनबर्न फेस्टिवल के गोवा से मुंबई शिफ्ट होने के बाद मामला गोवा बनाम मुंबई का हो सकता है। कहा जा रहा है कि दोनों राज्यो के बीच तनाव हो सकता है क्योंकि बीते कुछ समय से गोवा टूरिज्म में गिरावट आ रही है। अब सनबर्न फेस्टिवल का भी गोवा से शिफ्ट होना यहां के लिए बड़ा झटका है।


