सीकर। राजस्थान के सीकर जिले के लक्ष्मणगढ़ हाईवे पर रसीदपुरा के पास बुधवार देर रात दो विरोधी गैंगों के बीच खूनी संघर्ष (गैंगवार) का मामला सामने आया है। इस भीषण वारदात में एसपी गैंग के मुखिया संदीप पिलानिया (34) की फावड़े, लोहे के सरियों और रॉड से बेरहमी से हमला कर हत्या कर दी गई, जबकि उनका साथी आनंद शर्मा इस हमले में गंभीर रूप से घायल हो गया है।
गाड़ी रोककर बदमाशों ने किया जानलेवा हमला
सदर थाना पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, मृतक के भाई कुलदीप की ओर से दर्ज कराई गई रिपोर्ट में हिस्ट्रीशीटर जितेंद्र लोसल और छह नामजद आरोपियों सहित करीब 25 लोगों के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज किया गया है। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि संदीप बुधवार रात करीब साढ़े बारह बजे अपने साथियों के साथ भढ़ाडर की एक वर्कशॉप से बाहर निकला था, तभी हमलावरों ने उसकी गाड़ी का पीछा करना शुरू कर दिया। नायरा पेट्रोल पंप के समीप तीन-चार गाड़ियों में सवार होकर आए बदमाशों ने उसकी कार को टक्कर मारकर रोक लिया। हालांकि, संदीप के कुछ साथी मौके से जान बचाकर भागने में सफल रहे, लेकिन मुख्य आरोपियों ने संदीप और उसके साथी आनंद को घेर लिया।
फावड़े और सरियों से की ताबड़तोड़ मारपीट
बदमाशों ने संदीप और आनंद को पकड़कर उन पर फावड़ों, लाठियों, सरियों, रॉड और धारदार हथियारों से ताबड़तोड़ हमले किए, जिससे मौके पर ही संदीप की मौत हो गई। वहीं, उनके साथी आनंद शर्मा (35) के हाथ और पैर में गंभीर फ्रैक्चर आए हैं। हमलावर उसे मरा हुआ समझकर मौके से फरार हो गए, जिसके बाद घायल अवस्था में उसे सीकर के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहाँ उसका इलाज जारी है। पुलिस के अनुसार मृतक संदीप पिलानिया के खिलाफ पहले से ही आर्म्स एक्ट, मारपीट और ड्रग्स तस्करी के चार मामले दर्ज थे।
आरोपियों की तलाश में पुलिस की कई टीमें गठित
वारदात की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक संजीव नैन ने आरोपियों की धरपकड़ के लिए डीएसटी (डिस्ट्रिक्ट स्पेशल टीम) सहित कई पुलिस टीमों का गठन किया है। मुख्य आरोपी हिस्ट्रीशीटर जितेंद्र लोसल के खिलाफ पहले से ही विभिन्न थानों में 14 गंभीर मामले दर्ज हैं, जबकि अन्य नामजद आरोपियों की भी पुरानी आपराधिक कुंडली खंगाली जा रही है। घटना के बाद से पूरे इलाके में भारी पुलिस बल तैनात कर नाकाबंदी कर दी गई है और पुलिस संदिग्ध ठिकानों पर लगातार दबिश दे रही है।


