More
    Homeराज्यमध्यप्रदेशमुख्यमंत्री आज निवाड़ी में देंगे 193 करोड़ के विकास कार्यों की सौगात

    मुख्यमंत्री आज निवाड़ी में देंगे 193 करोड़ के विकास कार्यों की सौगात

    निवाड़ी। मध्य प्रदेश के निवाड़ी जिले को आज, रविवार को मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव करोड़ों रुपये की विकास योजनाओं की बड़ी सौगात देने जा रहे हैं। मुख्यमंत्री जिले में 193 करोड़ रुपये की लागत वाली कुल 59 विकास परियोजनाओं का भूमि-पूजन और लोकार्पण करेंगे। इस अवसर पर संयुक्त कलेक्ट्रेट भवन के भव्य लोकार्पण के साथ-साथ बुनियादी ढांचे, स्वास्थ्य, शिक्षा, कौशल विकास और ग्रामीण विकास से जुड़े कई महत्वपूर्ण कार्यों की नींव भी रखी जाएगी।

    स्वास्थ्य और प्रशासनिक ढांचे को मिलेगी नई मजबूती

    इस दौरे के दौरान मुख्यमंत्री राजस्व विभाग के कर्मचारियों के लिए निवाड़ी में बने 46 और पृथ्वीपुर में बने 29 नए आवासों का उद्घाटन करेंगे। इसके अलावा, निवाड़ी जिला अस्पताल के 100 बिस्तरों वाले अपग्रेटेड भवन, ग्राम जेवरा, पृथ्वीपुर और सेंधरी में नए प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र भवनों सहित संजीवनी क्लिनिक का भी लोकार्पण किया जाएगा। साथ ही लोक निर्माण, नगरीय प्रशासन, पंचायत एवं ग्रामीण विकास, आयुष और महिला एवं बाल विकास विभाग के कई बड़े प्रोजेक्ट्स की सौगात भी जनता को मिलेगी।

    विभिन्न विभागों के नए प्रोजेक्ट्स का भूमि-पूजन

    लोकार्पण कार्यक्रमों के साथ-साथ मुख्यमंत्री उच्च शिक्षा, कौशल विकास, स्कूल शिक्षा, आयुष और पंचायत विभाग के अंतर्गत आने वाले नए विकास कार्यों का शिलान्यास भी करेंगे। इन परियोजनाओं से जिले के आधारभूत ढांचे में सुधार आएगा और स्थानीय युवाओं व ग्रामीणों के लिए रोजगार तथा विकास के नए अवसर पैदा होंगे।

    प्रशासन ने पूरी कीं भव्य तैयारियां

    मुख्यमंत्री के इस बड़े कार्यक्रम को लेकर निवाड़ी जिला प्रशासन पूरी तरह सतर्क नजर आ रहा है। शनिवार को ही कलेक्टर जमुना भिड़े ने शासकीय पीजी कॉलेज ग्राउंड स्थित मुख्य कार्यक्रम स्थल, हेलीपैड और नवीन संयुक्त कलेक्ट्रेट भवन का गहन निरीक्षण कर लिया था। सुरक्षा और यातायात व्यवस्था को दुरुस्त रखने के लिए पुलिस अधीक्षक डॉ. राय सिंह नरवरिया तथा अपर कलेक्टर इकबाल मोहम्मद सहित सभी वरिष्ठ अधिकारियों की मौजूदगी में पुख्ता इंतज़ाम किए गए हैं।

    latest articles

    explore more

    LEAVE A REPLY

    Please enter your comment!
    Please enter your name here