कालिंदी कुंज मार्ग पर फ्लाईओवर और पुल परियोजना से रोज 6 लाख लोगों को लाभ
नोएडा। नोएडा और कालिंदी कुंज के बीच लगने वाले भीषण जाम से जल्द राहत मिलने की उम्मीद है। भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (एनएचएआई) ने इस समस्या के समाधान के लिए दो नए फ्लाईओवर और आगरा कैनाल पर दो पुल बनाने की योजना को मंजूरी दे दी है।
इस परियोजना के तहत मदनपुर खादर पुलिया से नोएडा तक दो फ्लाईओवर बनाए जाएंगे। इसके पूरा होने पर नोएडा से जसोला विहार, ओखला विहार, सरिता विहार, बदरपुर और फरीदाबाद आने-जाने वाले करीब 6 लाख लोगों को प्रतिदिन लाभ मिलेगा। वर्तमान में इस मार्ग को पार करने में 40 से 45 मिनट तक का समय लग जाता है, जो फ्लाईओवर बनने के बाद घटकर कुछ ही मिनट रह जाएगा।
परियोजना में आगरा कैनाल पर दो नए पुलों का निर्माण भी शामिल है, जिससे यातायात का दबाव कम होगा और आवागमन सुगम बनेगा। इसके अलावा दिल्ली के राजघाट और शांतिवन चौराहों को भी सिग्नल-फ्री करने की तैयारी की जा रही है, जिससे राजधानी में ट्रैफिक प्रवाह बेहतर होगा।
कालिंदी कुंज बैराज पर लगने वाला जाम वर्षों से यात्रियों की बड़ी समस्या रहा है। खासकर दफ्तर जाने-आने वाले लोगों और व्यावसायिक वाहनों को घंटों जाम में फंसना पड़ता है। एनएचएआई का यह मास्टरप्लान क्षेत्र के ट्रैफिक ढांचे में बड़ा बदलाव ला सकता है और दिल्ली-एनसीआर के लाखों यात्रियों को राहत देगा।
परियोजना के निर्माण कार्य की समयसीमा और लागत को लेकर विस्तृत जानकारी जल्द सार्वजनिक किए जाने की संभावना है।
मिशनसच न्यूज के लेटेस्ट अपडेट पाने के लिए हमारे व्हाट्सप्प ग्रुप को जॉइन करें।
https://chat.whatsapp.com/JX13MOGfl1tJUvBmQFDvB1
अन्य खबरों के लिए देखें मिशनसच नेटवर्क


