More
    Homeराज्यबिहाररांची मैच का जुनून सिर चढ़कर बोला: IND vs SA मुकाबले के...

    रांची मैच का जुनून सिर चढ़कर बोला: IND vs SA मुकाबले के लिए ट्रेनों में वेटिंग, फ्लाइट्स 2.5 गुना महंगी

    रांची। भारत–दक्षिण अफ्रीका वनडे मैच से पहले रांची में जबरदस्त भीड़ उमड़ गई है। झारखंड के अलावा बिहार, बंगाल और दिल्ली से बड़ी संख्या में क्रिकेट प्रशंसक शहर पहुंच रहे हैं, जिसका असर ट्रैफिक से लेकर होटलों और ट्रांसपोर्ट सिस्टम तक साफ दिख रहा है। रांची आने वाली ज्यादातर ट्रेनों में लंबी वेटिंग चल रही है, वहीं फ्लाइट किराए 1.5 से 2.5 गुना तक बढ़ चुके हैं।

    29 नवंबर तक पटना–रांची वंदे भारत, कोलकाता वंदे भारत, रांची जनशताब्दी, मौर्या एक्सप्रेस, पाटलीपुत्र एक्सप्रेस, शताब्दी और दिल्ली–रांची गरीब रथ समेत सभी प्रमुख ट्रेनों में वेटिंग लिस्ट रिकॉर्ड स्तर पर पहुंच गई है। दिल्ली–रांची गरीब रथ में तो 250 वेटिंग तक दर्ज की गई है। टिकट न मिलने के कारण फैंस को बस और फ्लाइट का सहारा लेना पड़ रहा है।

    फ्लाइट्स के किराए में भी भारी उछाल देखा जा रहा है। पटना–रांची का किराया जहां सामान्य दिनों में 3000 रुपये होता है, वहीं यह बढ़कर 7000 रुपये पर पहुंच गया है। कोलकाता–रांची का किराया 8000, दिल्ली–रांची 9500 और मुंबई–रांची 11,000 रुपये तक पहुंच चुका है। इसी तरह 1 से 3 दिसंबर के बीच रांची से लौटने वाली उड़ानों के किराए में भी तेजी बनी हुई है।

    बस सेवा पर भी भीड़ का असर दिख रहा है। कोलकाता और बिहार रूट की 70% बसें पहले ही बुक हो चुकी हैं और किराया भी डेढ़ गुना तक बढ़ गया है। उधर, रांची के प्रमुख होटल रेडिशन ब्लू, रमाडा, बीएनआर चाणक्या समेत लगभग सभी बड़े होटल सोल्ड-आउट हो चुके हैं। बजट होटलों में भी हाउसफुल जैसी स्थिति है।

    मैच से पहले रांची में ऐसा माहौल लंबे समय बाद देखने को मिल रहा है। शहर में भीड़, बाज़ारों की रौनक और ट्रैफिक का दबाव साफ महसूस किया जा रहा है।

    latest articles

    explore more

    LEAVE A REPLY

    Please enter your comment!
    Please enter your name here