मुंबई। क्वींस ड्राइव क्लब द्वारा आयोजित कैंसर जागरूकता अभियान के दौरान उस वक्त भारी हंगामा हो गया, जब एक महिला ने मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस की पत्नी अमृता फडणवीस के काफिले के सामने आकर रोते-बिलखते हुए रास्ता देने की गुहार लगाई। यह घटना उस समय घटी जब अमृता फडणवीस कार ड्राइव को झंडी दिखाकर रवाना करने ही वाली थीं।
इमरजेंसी का हवाला देकर महिला ने लगाई गुहार
सोशल मीडिया पर सामने आए वीडियो में व्हाइट टी-शर्ट और ब्लैक ट्राउजर पहने अधेड़ उम्र की महिला मीडियाकर्मियों और सुरक्षाकर्मियों के सामने हाथ जोड़कर गिड़गिड़ाती नजर आ रही है। महिला ने चीखते हुए कहा, "मेरे घर में इमरजेंसी है और मेरी कार पिछले डेढ़ घंटे से फंसी हुई है। यह मेरी जिंदगी और मौत का सवाल है, मुझे तुरंत यहां से निकलने दिया जाए।"
कैंसर अवेयरनेस ड्राइव के दौरान हुआ हंगामा
क्वींस ड्राइव क्लब की ओर से मुंबई में कैंसर जैसी गंभीर बीमारी के प्रति जागरूकता फैलाने के उद्देश्य से इस सुपरकार ड्राइव का आयोजन किया गया था। अमृता फडणवीस इस कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के तौर पर शामिल हुई थीं। हालांकि, इस फ्लैग-ऑफ कार्यक्रम के कारण सड़क पर लगे ट्रैफिक जाम में आम जनता को खासी दिक्कतों का सामना करना पड़ा।
ट्रैफिक जाम और आम जनता की परेशानी पर उठे सवाल
इस घटना का वीडियो तेजी से वायरल हो रहा है, जिसने हाई-प्रोफाइल इवेंट्स के दौरान लगने वाले ट्रैफिक जाम और आम नागरिकों को होने वाली असुविधाओं पर एक बार फिर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। स्थानीय लोगों का कहना है कि वीआईपी मूवमेंट और जागरूकता रैलियों के आयोजन के समय इमरजेंसी सेवाओं और आम यात्रियों के आवागमन का विशेष ध्यान रखा जाना चाहिए।


