जयपुर। दिवाली के त्योहार पर शहर के बाजारों में लगातार बढ़ती भीड़ और ट्रैफिक व्यवस्था को संभालने के लिए यातायात पुलिस ने बसों के संचालन को लेकर बड़ा फैसला लिया है। निजी बसों के बाद अब राजस्थान रोडवेज की बसों के भी सिंधी कैंप बस स्टैंड में प्रवेश पर पूरी तरह रोक लगा दी गई है। 3 से 9 नवंबर तक रोडवेज की बसें मुख्य बस स्टैंड नहीं आ सकेंगी। इस दौरान त्योहार पर यात्रा करने वाले लोगों को शहर के बाहरी हिस्सों में बनाए गए अस्थायी स्टैंडों से ही बस पकड़नी होगी।
परकोटे में भीड़ और ट्रैफिक जाम से राहत की कवायद
दिवाली के मौके पर जयपुर के परकोटे और प्रमुख बाजारों में खरीदारी के लिए बड़ी संख्या में लोग जुटते हैं। सिंधी कैंप शहर के बीचोंबीच होने के कारण यहाँ दिनभर बसों का भारी दबाव रहता है, जिससे आसपास के रास्तों पर अक्सर भीषण जाम की स्थिति बन जाती है। इसी जाम और अव्यवस्था से शहरवासियों को राहत दिलाने के लिए यातायात पुलिस ने यह कड़ा कदम उठाया है।
अलग-अलग रूट की बसों के लिए नए ठिकाने तय
पुलिस आदेश के अनुसार गंतव्य के आधार पर बसों का संचालन शहर के अलग-अलग हिस्सों से किया जाएगा। दिल्ली और आगरा जाने वाली बसें रोटरी सर्किल बस स्टैंड से चलेंगी, जबकि अजमेर मार्ग की बसें हीरापुरा बस स्टैंड से उपलब्ध होंगी। टोंक रोड की ओर जाने वाली गाड़ियों को पुराना बाईपास क्लोवरलीफ के नीचे से रवाना किया जाएगा और सीकर रोड की बसों का संचालन विद्याधर नगर स्टेडियम से होगा।
बस ऑपरेटरों का विरोध और यात्रियों की असुविधा
यातायात पुलिस के इस फैसले से बस ऑपरेटर्स में नाराजगी है। उनका कहना है कि शहर से दूर बाहरी स्टैंडों तक पहुँचने में यात्रियों, विशेषकर महिलाओं, बुजुर्गों और बच्चों को भारी परेशानी उठानी पड़ेगी। इसके अलावा यात्रियों को कैब व ऑटो का अतिरिक्त किराया भी भुगतना पड़ेगा। बस संचालकों ने मांग की है कि यातायात सुधारने के साथ-साथ यात्रियों की सहूलियत का भी ध्यान रखा जाए।


