More
    Homeराज्ययूपीसोनभद्र में दर्दनाक हादसा, टक्कर के बाद तीन की मौत; 16 घायलों...

    सोनभद्र में दर्दनाक हादसा, टक्कर के बाद तीन की मौत; 16 घायलों से अस्पताल में बढ़ी हलचल

    सोनभद्र। रेणुकूट-बीजपुर मार्ग पर नधिरा मोड़ के समीप मंगलवार को एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया, जहां तेज रफ्तार कार और यात्रियों से भरे टेंपो के बीच भीषण आमने-सामने की भिड़ंत हो गई। इस सड़क दुर्घटना में तीन लोगों की मौत हो गई, जबकि बच्चों समेत करीब 16 लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई। सूचना मिलते ही बभनी और म्योरपुर थाना पुलिस ने स्थानीय नागरिकों की सहायता से सभी घायलों को तत्काल एंबुलेंस से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों में भर्ती कराया, जहां उनका उपचार जारी है।

    दशहरा मेला देखने जाते समय हुआ भीषण हादसा

    प्राप्त जानकारी के अनुसार टेंपो में सवार सभी श्रद्धालु धरतीडांड़ गांव से विजयदशमी का मेला देखने के लिए किरबिल की ओर जा रहे थे। जैसे ही उनका टेंपो नधिरा जंगल के पास तीखे मोड़ पर पहुंचा, तभी सामने से आ रही एक अनियंत्रित कार से उसकी सीधी और जोरदार टक्कर हो गई। बताया जा रहा है कि कार वाराणसी से छत्तीसगढ़-ओडिशा मार्ग की तरफ जा रही थी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि टेंपो के परखच्चे उड़ गए और उसमें सवार यात्री लहूलुहान होकर सड़क पर गिर पड़े।

    तीन लोगों की मौत और घायलों की स्थिति

    दुर्घटना के तुरंत बाद पुलिस और राहगीरों की मदद से सभी पीड़ितों को अस्पताल ले जाया गया। म्योरपुर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में इलाज के दौरान नधिरा निवासी 12 वर्षीय बालक अंकुश ने दम तोड़ दिया। वहीं बभनी अस्पताल से स्थानांतरित की गई 23 वर्षीय महिला राजकुमारी को चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया। इसके अलावा प्राथमिक उपचार के बाद जिला अस्पताल रेफर किए गए 25 वर्षीय सुनील गुप्ता की भी अस्पताल पहुंचने से पहले ही मौत हो गई। हादसे में घायल 10 वर्षीय लवकुश, दो वर्षीय छोटी, 28 वर्षीय मंजू, डेढ़ वर्षीय शिवांश, 60 वर्षीय फूलमती, 28 वर्षीय पूजा, सात वर्षीय पूर्णिमा, पांच वर्षीय आकृति, पांच वर्षीय अयांश, सात वर्षीय उषा, 37 वर्षीय हीनकुंवर और 45 वर्षीय पानमति सहित अन्य लोगों का विभिन्न अस्पतालों में इलाज चल रहा है।

    क्षेत्र में पसरा मातम और प्रशासनिक कार्रवाई

    एक ही समय पर इतनी बड़ी संख्या में घायलों के अस्पताल पहुंचने से स्वास्थ्य केंद्रों में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। हादसे की खबर मिलते ही मृतकों और घायलों के परिवारों में कोहराम मच गया तथा पूरे इलाके में शोक की लहर दौड़ गई। पुलिस प्रशासन की ओर से प्रभारी निरीक्षक अरविंद कुमार सरोज ने जानकारी दी कि सभी मृतकों के शवों का पंचनामा भरकर उन्हें पोस्टमार्टम के लिए दुद्धी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र भेज दिया गया है तथा दुर्घटना के संबंध में आवश्यक कानूनी व विधिक कार्रवाई की जा रही है।

    latest articles

    explore more

    LEAVE A REPLY

    Please enter your comment!
    Please enter your name here