More
    Homeदेशदर्दनाक सड़क हादसा: 11 की मौत, 14 घायल – मातम में बदली...

    दर्दनाक सड़क हादसा: 11 की मौत, 14 घायल – मातम में बदली खुशियों की घड़ी

    दौसा| बुधवार एक दर्दनाक सडक़ हादसे में 11 लोगों की मौत हो गई, जबकि 14 लोग घायल हो गए हैं, जिनका उपचार अस्पताल में चल रहा है। राजस्थान के दौसा जिले के सैंथल थाना क्षेत्र में पिकअप के ट्रेलर से टकराने पर बुधवार तडक़े सात बच्चों सहित 11 लोगों की मौत गई जबकि 14 अन्य घायल हो गए।
    दौसा कलक्टर देवेंद्र कुमार के अनुसार क्षेत्र में दौसा-मनोहरपुर हाईवे पर बुधवार तडक़े एक पिकअप गाड़ी सडक़ के किनारे खड़े ट्रेलर से टकरा गई। उन्होंने बताया कि हादसे में दस लोगों की मौके पर मृत्यु हो गई और कई घायल हो गए। उन्होंने बताया कि नौ घायलों को जयपुर के एसएमएस अस्पताल भेजा गया है और तीन घायलों को दौसा अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

    उन्होंने बताया कि उत्तरप्रदेश में फिरोजाबाद के रहने वाले ये लोग राजस्थान से अपने घर लौट रहे थे। उधर इस हादसे में गंभीर रुप से घायल एक महिला ने एसएमएस अस्पताल में दम तोड़ दिया। सैंथल थानाधिकारी सुरेंद्र सिंह ने बताया कि 25 लोग हादसे की चपेट में आये थे उनमें 11 लोगों की मृत्यु हो गई। बताया जा रहा है कि ये लोग राजस्थान में सालासर बालाजी एवं खाटूश्याम मंदिर के दर्शन कर लौट रहे थे कि यह हादसा हो गया। हादसे पर राज्यपाल हरिभाऊ किसनराव बागडे, मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा, लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला, विधानसभा अध्यक्ष वासुदेव देवनानी, पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत एवं वसुंधरा राजे, कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष गोविंद सिंह डोटासरा सहित कई नेताओं ने गहरा दुख जताया है। श्री बागडे ने शोक व्यक्त करते हुए ईश्वर से दिवंगत आत्मा की शांति और शोक संतप्त परिजनों को यह दु:ख सहन करने की शक्ति प्रदान करने की कामना की। उन्होंने हादसे में घायलों के जल्द स्वस्थ होने की भी कामना की। श्री शर्मा ने हादसे पर गहरा दुख प्रकट करते हुए कहा कि इसमें जनहानि का समाचार अत्यंत दु:खद है। जिला प्रशासन को घायलों का त्वरित एवं समुचित उपचार सुनिश्चित करने के लिए निर्देशित किया गया है।

    उन्होंने ईश्वर से दिवंगत आत्माओं को अपने श्री चरणों में स्थान देने एवं घायलों को शीघ्र स्वास्थ्य लाभ प्रदान करने की प्रार्थना की। श्री बिरला ने हादसे पर शोक जताते हुए कहा कि दौसा में हुए भीषण सडक़ हादसे में कई लोगों की मृत्यु और घायल होना अत्यंत दुखद है। उन्होंने कहा कि इस दुर्घटना में बच्चों और महिलाओं की मृत्यु का समाचार जानकार मन व्यथित है। उन्होंने शोकाकुल परिवारों के प्रति अपनी संवेदना व्यक्त करते हुए ईश्वर से दिवंगत आत्माओं को शांति प्रदान की प्रार्थना की। इसी तरह श्री देवनानी, श्री गहलोत, श्रीमती राजे, श्री डोटासरा, भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के प्रदेश अध्यक्ष मदन राठौड, नेता प्रतिपक्ष टीकाराम जूली, भाजपा के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष एवं भाजपा हरियाणा प्रभारी डा सतीश पूनियां, पूर्व उपमुख्यमंत्री सचिन पायलट सहित कई नेताओं ने हादसे पर गहरा दुख प्रकट करते हुए दिवंगत आत्माओं को शांति एवं घायल को शीघ्र स्वास्थ्य लाभ की ईश्वर से प्रार्थना की।

    latest articles

    explore more

    LEAVE A REPLY

    Please enter your comment!
    Please enter your name here