More
    Homeराज्यबिहारमंदिर में चढ़ावे को लेकर भिड़े दो पक्ष, फायरिंग में ग्रामीण घायल;...

    मंदिर में चढ़ावे को लेकर भिड़े दो पक्ष, फायरिंग में ग्रामीण घायल; पुलिस ने 3 हथियार पकड़े

    सहरसा: बिहार के सहरसा जिले में स्थित प्रसिद्ध संत कारू बाबा मंदिर परिसर में रविवार शाम न्यास समिति के संचालन और चढ़ावे की रकम पर वर्चस्व को लेकर दो गुटों के बीच खूनी संघर्ष हो गया। विवाद इतना बढ़ गया कि महंत पक्ष की ओर से ताबड़तोड़ फायरिंग की गई, जिसमें एक स्थानीय ग्रामीण गंभीर रूप से घायल हो गया।

    फायरिंग में ग्रामीण घायल, महंत बंधक

    प्राप्त जानकारी के अनुसार, रविवार शाम करीब 4:00 से 4:30 बजे के बीच मंदिर परिसर में दोनों पक्षों के बीच तीखी नोकझोंक शुरू हुई। आरोप है कि विवाद बढ़ने पर महंत निरंजन यादव और उनके समर्थकों ने अवैध हथियारों से फायरिंग कर दी। गोली लगने से स्थानीय ग्रामीण शंभु खिरहर गंभीर रूप से घायल हो गए। वहीं, एक अन्य व्यक्ति के पैर को गोली छूते हुए निकल गई, जबकि मारपीट में लक्ष्मण खिरहर भी घायल हुए हैं। सभी घायलों को तुरंत स्थानीय सीएचसी ले जाया गया, जहां से प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें गंभीर हालत में सदर अस्पताल रेफर कर दिया गया।

    ग्रामीणों का फूटा गुस्सा, गाड़ी फूंकी

    मंदिर परिसर में गोलीबारी की खबर फैलते ही आसपास के गांवों से सैकड़ों की संख्या में ग्रामीण मौके पर एकत्र हो गए। उग्र भीड़ ने महंत निरंजन यादव और उनके समर्थकों को एक कमरे में घेरकर बंधक बना लिया। इस दौरान आक्रोशित लोगों ने महंत की एक गाड़ी को भी आग के हवाले कर दिया, जिससे इलाके में भारी अफरा-तफरी मच गई।

    पुलिस ने तीन अवैध हथियारों के साथ महंत को दबोचा

    वारदात की सूचना मिलते ही सदर अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी (SDPO) पंकज कुमार और महिषी थानाध्यक्ष भारी पुलिस बल के साथ तुरंत मौके पर पहुंचे। पुलिस ने सूझबूझ दिखाते हुए आक्रोशित ग्रामीणों को शांत कराया और बंधक बनाए गए महंत को सुरक्षित बाहर निकाला। पुलिस ने मुख्य आरोपी महंत निरंजन यादव को गिरफ्तार कर लिया है। साथ ही, मंदिर परिसर की तलाशी के दौरान तीन अवैध हथियार और घटनास्थल से चार खोखे बरामद किए गए हैं।

    चढ़ावे और नई न्यास समिति को लेकर है विवाद

    स्थानीय सूत्रों के अनुसार, कुछ समय पहले पुरानी न्यास समिति को भंग कर निरंजन कुमार को नया न्यासधारी बनाया गया था, जिसके बाद से ही स्थानीय ग्रामीणों और पूर्व समिति के बीच असंतोष चल रहा था। मंदिर में आने वाले भारी-भरकम चढ़ावे और उसके प्रबंधन पर नियंत्रण को लेकर दोनों पक्षों में लंबे समय से रंजिश चल रही थी, जो आखिरकार रविवार को इस हिंसक झड़प में बदल गई। पुलिस पूरे मामले की गहराई से जांच कर रही है और इलाके में स्थिति पर नजर रखी जा रही है।

    latest articles

    explore more

    LEAVE A REPLY

    Please enter your comment!
    Please enter your name here