मुंबई। मुंबई के सहार स्थित प्रतिष्ठित और लग्जरी 5-स्टार होटल JW मैरियट में साफ-सफाई और खाद्य सुरक्षा के इंतजामों पर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं। देश के जाने-माने कार्डियोलॉजिस्ट और फोर्टिस हेल्थकेयर के चेयरमैन डॉ. अशोक सेठ ने सोशल मीडिया पर अपने एक भयावह और चौंकाने वाले अनुभव को साझा किया है, जिससे देश के नामी होटलों में हाइजीन मानकों पर बहस छिड़ गई है।
डिनर टेबल पर घूमता दिखा कॉकरोच
मिली जानकारी के अनुसार, डॉ. अशोक सेठ शनिवार की शाम मुंबई के इसी फाइव स्टार होटल के प्रसिद्ध 'रोमानो रेस्टोरेंट' में भोजन कर रहे थे। उसी दौरान, जब वे अपनी डिश का आनंद ले रहे थे, तभी उनकी नजर टेबल पर रखे बर्तनों के बीच घूमते हुए एक छोटे कॉकरोच पर पड़ी। इस अप्रिय घटना ने लग्जरी होटलों की कार्यप्रणाली और उनकी साफ-सफाई व्यवस्था पर बड़ा प्रश्नचिह्न लगा दिया है।
सोशल मीडिया पर जाहिर किया गुस्सा और विरोध
इस घटना के अगले दिन यानी रविवार की शाम को, डॉ. सेठ ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म 'X' (पूर्व में ट्विटर) पर इस लापरवाही के खिलाफ एक व्यंग्यात्मक पोस्ट शेयर की। उन्होंने अपने पोस्ट में लिखा, 'देखिए डिनर के लिए कौन बुलाया गया है, रोची-एक छोटा कॉकरोच हमारी टेबल पर था और शनिवार रात मुंबई के साहर में JW मैरियट के रोमानो रेस्टोरेंट में हमारे साथ डिनर शेयर करना चाहता था!!!' उनकी यह पोस्ट सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रही है और लोग होटल प्रबंधन की इस लापरवाही पर कड़ी नाराजगी जता रहे हैं।


