छत्रपति संभाजीनगर। महाराष्ट्र लोकसेवा आयोग (MPSC) की ऑनलाइन परीक्षाओं में कथित पेपर लीक और अनियमिताओं को लेकर छात्रों का आक्रोश लगातार बढ़ता जा रहा है। स्थिति को देखते हुए कॉकरेच जनता पार्टी (CJP) ने छात्रों के इस आंदोलन को अपना समर्थन देने का खुला ऐलान कर दिया है।
अभ्यर्थियों और सीजेपी नेताओं की महत्वपूर्ण बैठक
हाल ही में, MPSC की तैयारी करने वाले छात्रों का एक प्रतिनिधिमंडल छत्रपति संभाजीनगर के वालुज क्षेत्र में CJP के संस्थापक अभिजीत दीपके से उनके आवास पर मिलने पहुंचा। इस दौरान छात्रों ने परीक्षाओं में हो रही गड़बड़ियों और कथित पेपर लीक के मामलों से जुड़ी अपनी सभी परेशानियां उनके सामने रखीं। छात्रों ने अधिकारियों की कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल उठाए।
प्रमुख अधिकारियों के इस्तीफे की मांग
छात्रों की समस्याएं सुनने के बाद CJP ने स्पष्ट किया कि पार्टी MPSC के अध्यक्ष और सचिव के इस्तीफे की मांग को लेकर छात्रों के साथ कंधे से कंधा मिलाकर खड़ी है। पार्टी ने चेतावनी दी है कि यदि 24 सितंबर तक जिम्मेदार शीर्ष अधिकारियों ने इस्तीफा नहीं दिया, तो पार्टी कार्यकर्ता राज्यभर का दौरा करेंगे। इस दौरान प्रदेश के विभिन्न जिलों में जाकर MPSC अभ्यर्थियों से मुलाकात की जाएगी और उनके आंदोलन को और अधिक व्यापक व मजबूत बनाया जाएगा।
‘जब तक न्याय नहीं मिलता, संघर्ष जारी रहेगा’
छात्रों से मुलाकात के बाद सीजेपी संस्थापक अभिजीत दीपके ने एक वीडियो संदेश जारी करते हुए अपना रुख बिल्कुल साफ कर दिया। उन्होंने कहा कि उनकी पार्टी इस न्याय की लड़ाई में पूरी ताकत से MPSC अभ्यर्थियों के साथ है। उन्होंने दोहराया कि जब तक आयोग के शीर्ष अधिकारी अपने पद से इस्तीफा नहीं दे देते, तब तक वह और उनकी पार्टी के सदस्य छात्रों के समर्थन में डटे रहेंगे।


