मुंबई। वर्टिकल प्रॉपर्टी कार्ड प्रणाली शुरू करने वाला महाराष्ट्र देश का पहला सूबा बनने जा रहा है। इस नई योजना के तहत हर फ्लैट या मकान के साथ-साथ पूरी बिल्डिंग का ब्योरा एक ही कार्ड में दर्ज किया जाएगा। इससे संपत्ति की लेनदेन प्रक्रिया आसान बनेगी, बैंकों से ऋण मिलने में सहूलियत होगी और संपत्ति से जुड़े झगड़ों में कमी आएगी। राजस्व मंत्री चंद्रशेखर बावनकुले के मुताबिक, इस योजना को अमल में लाने के लिए 26 नवंबर से आम जनता से सुझाव और आपत्तियां आमंत्रित की गई हैं। प्राप्त सुझावों की समीक्षा के बाद नियमों को अंतिम रूप दिया जाएगा। राजस्व मंत्री का कहना है कि इस कदम से प्रदेश के करीब सात करोड़ फ्लैट मालिकों को सीधा फायदा पहुंचेगा। अनुमान है कि इस पूरी व्यवस्था को जमीन पर उतारने में कम से कम छह माह का समय लग सकता है। गुरुवार को मंत्रालय में पत्रकार वार्ता के दौरान बावनकुले ने कहा कि नई व्यवस्था में मकान का क्षेत्रफल, स्वामित्व अधिकार, बिल्डिंग की साझा और खुली जगह, किसी तरह के ऋण या देनदारी तथा कानूनी पेचीदगियों का विवरण अलग से रखा जाएगा। उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि इस प्रणाली को लागू करने के लिए महाराष्ट्र भूमि राजस्व संहिता, 1966 में बदलाव किया जाएगा। बावनकुले के अनुसार, अभी तक गांवों में भू-अधिकारों का ब्योरा सातबारा उतारे में और शहरी सर्वेक्षण वाले इलाकों में प्रॉपर्टी कार्ड में रखा जाता है, लेकिन बहुमंजिला इमारतों के प्रत्येक फ्लैट के स्वतंत्र स्वामित्व को दर्ज करने की एकीकृत व्यवस्था मौजूद नहीं थी। इसी अंतर को पाटने के लिए यह नई पहल की जा रही है।
भवन और फ्लैट के स्वतंत्र ब्योरे
वर्टिकल प्रॉपर्टी कार्ड व्यवस्था के अंतर्गत शहरी इलाकों में पूरी इमारत के लिए डी-1 और हर फ्लैट के लिए डी-2 प्रपत्र में अलग-अलग अभिलेख बनाए जाएंगे। डी-1 प्रपत्र में वास्तविक स्वामी, भूमि, स्वीकृत निर्माण योजना, खुली जगह, मार्ग और साझा हिस्सों का पूरा ब्योरा दर्ज रहेगा, जिस पर सभी फ्लैट मालिकों के अधिकार अंकित होंगे। वहीं डी-2 प्रपत्र में फ्लैट स्वामी का नाम, फ्लैट नंबर, स्वीकृत क्षेत्रफल और उससे जुड़े अधिकारों का उल्लेख होगा। दूसरी ओर, ग्रामीण इलाकों में इमारत के लिए आई-ए (गांव नमूना 7-क) और फ्लैट के लिए आई-बी (गांव नमूना 7-ड) प्रपत्र में रिकॉर्ड तैयार किए जाएंगे।
ऑनलाइन और डिजिटल व्यवस्था
राजस्व मंत्री ने बताया कि समूची कार्यप्रणाली डिजिटल माध्यम से संचालित होगी। स्वीकृति मिलने के बाद फ्लैट स्वामियों को जेब में रखने योग्य एटीएम कार्ड जैसा डिजिटल प्रॉपर्टी कार्ड उपलब्ध कराया जाएगा। इसके लिए पंजीकरण एवं मुद्रांक विभाग, सहकार विभाग, स्थानीय स्वशासन संस्थाओं, नियोजन प्राधिकरणों (सिडको, नैना, महानगरपालिका व नगरपालिका), महारेरा और भूमि अभिलेख विभाग को एपीआई के जरिए परस्पर जोड़ा जाएगा। यदि किसी इमारत का पुनर्विकास होता है, तो पुराने रिकॉर्ड को बंद करके नए स्वीकृत नक्शे के हिसाब से उसे अद्यतन किया जाएगा।
ऋण और कानूनी अड़चनों का पारदर्शी ब्योरा
बावनकुले ने आगे जानकारी दी कि वर्टिकल प्रॉपर्टी कार्ड में फ्लैट पर लिए गए बैंक ऋण, गिरवी रखने की स्थिति, संपत्ति कर, सोसायटी का बकाया, अदालत की रोक या सरकारी बकाया जैसी तमाम जानकारियां दर्ज होंगी। बिल्डर का संयुक्त कर्ज इमारत के मुख्य अभिलेख में, जबकि व्यक्तिगत कर्ज संबंधित फ्लैट के कार्ड में दिखाया जाएगा। यह सुविधा केवल स्वीकृत निर्माण योजना और आवश्यक कागजातों वाली वैध परियोजनाओं को ही मिलेगी, जबकि अवैध निर्माण को इससे अलग रखा गया है। डीम्ड कन्व्हेयन्स की प्रक्रिया को सरल बनाने के लिए राजस्व, नगर विकास और सहकार विभाग मिलकर मानक संचालन प्रक्रिया (एसओपी) तैयार कर रहे हैं।


