More
    Homeराज्यछत्तीसगढ़गौरेला में भरे बाजार महिलाओं को बनाया निशाना, 8 हजार के लॉकेट...

    गौरेला में भरे बाजार महिलाओं को बनाया निशाना, 8 हजार के लॉकेट समेत पर्स बरामद

    गौरेला। जिले के मंगली साप्ताहिक बाजार में मंगलवार को छीना-झपटी की दो लगातार घटनाओं से हड़कंप मच गया। मामले में चौंकाने वाला खुलासा तब हुआ जब दोनों वारदातों को अंजाम देने वाली आरोपी महिला एक ही निकली। बाजार में मौजूद आम नागरिकों की सतर्कता से आरोपी महिला को मौके पर ही दबोच लिया गया। पीड़ितों की शिकायत के आधार पर गौरेला थाना पुलिस ने आरोपी संतोषी बंसल के खिलाफ मामला दर्ज कर कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है।

    खरीददारी के दौरान पर्स खींचकर भाग रही थी आरोपी

    घटनाक्रम के अनुसार शाम करीब 4:30 बजे पीड़िता कौशिल्या ध्रुर्वे बाजार में फल खरीद रही थीं। इसी दौरान कंधे पर लटका 1,550 रुपये नकदी से भरा उनका पर्स एक महिला छीनकर भागने लगी। पीड़िता के शोर मचाते ही आसपास के लोगों ने तत्परता दिखाते हुए भाग रही महिला का पीछा किया और उसे पकड़ लिया। पूछताछ में उसने अपना नाम संतोषी बंसल बताया, जिसके बाद डायल-112 की टीम को सूचित कर उसे थाने भिजवाया गया।

    लॉकेट चोरी की पहली पीड़िता ने थाने पहुंचकर की पहचान

    इससे पूर्व शाम लगभग 4 बजे मंगली बाजार में ही कमला बाई मनिहारी सामग्री की खरीदारी कर रही थीं। तभी एक महिला अपने गोद में बच्चे को लिए उनके पास पहुंची और पलक झपकते ही गले से 8,000 रुपये कीमत के दो लॉकेट झपटकर भीड़ का फायदा उठाते हुए चंपत हो गई। पीड़िता जब शिकायत दर्ज कराने थाने पहुंचीं, तो वहां पहले से मौजूद पकड़ी गई महिला को देखकर उन्होंने तुरंत उसे पहचान लिया। तलाशी में महिला के पास से बरामद दोनों लॉकेट पीड़िता को सौंपते हुए पुलिस ने आरोपी के खिलाफ आगे की जांच शुरू कर दी है।

    latest articles

    explore more

    LEAVE A REPLY

    Please enter your comment!
    Please enter your name here