संयुक्त जांच में घी, पनीर और मिठाइयों के नमूने लिए; गंदगी व बदबूदार मांस मिलने पर खालसा मीट शॉप भी बंद
खैरथल। राजस्थान विधिक सेवा प्राधिकरण, जयपुर के दिशा-निर्देशों के तहत मंगलवार को खैरथल में मिलावटखोरी, अस्वच्छता और खाद्य सुरक्षा नियमों की अनदेखी के खिलाफ संयुक्त निरीक्षण अभियान चलाया गया। जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के अध्यक्ष एवं जिला एवं सत्र न्यायाधीश शैलेंद्र व्यास के मार्गदर्शन में हुई इस कार्रवाई में स्वास्थ्य विभाग, खाद्य सुरक्षा विभाग और पुलिस की टीम शामिल रही।
अभियान के दौरान खाद्य पदार्थों के नमूने लिए गए, दूषित सामग्री नष्ट करवाई गई तथा बिना लाइसेंस संचालित जूस की दो दुकानों और गंदगी व बदबूदार मांस मिलने पर खालसा मीट शॉप को सीज किया गया।
कई प्रतिष्ठानों का निरीक्षण, खाद्य पदार्थों के नमूने लिए
जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, खैरथल के सचिव अजीत कुड़ी के नेतृत्व में मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. अरविंद गेट और खाद्य सुरक्षा अधिकारी हेमंत कुमार यादव ने पुलिस जाप्ते के साथ विभिन्न प्रतिष्ठानों की जांच की। टीम ने हेमू कालानी चौक सहित क्षेत्र में स्थित विजय डेयरी, संजय डेयरी, लखन होटल, गोपाल स्वीट्स, गोपाल दूध डेयरी, रोहित जूस सेंटर, आनंद डेयरी, राहुल रोचवानी जूस सेंटर और खालसा मीट शॉप का निरीक्षण किया।
विजय डेयरी, संजय डेयरी और गोपाल दूध डेयरी से घी एवं पनीर के नमूने लिए गए। वहीं, आनंद डेयरी और गोपाल स्वीट्स से मिल्क केक, लड्डू, डोडा बर्फी, रसगुल्ला, गुलाब जामुन और पनीर के नमूने लेकर जांच के लिए भेजने की प्रक्रिया की गई।
दूषित सामग्री नष्ट, बिना लाइसेंस वाली जूस की दुकानें सीज
लखन होटल के निरीक्षण के दौरान गंदा पनीर, दूषित अवस्था में रखी सब्जियां और खराब लाल मिर्च मिलने पर टीम ने इन्हें मौके पर ही नष्ट करवाया। रोहित जूस सेंटर के डीप फ्रीजर में कई दिन पहले काटकर रखे गए फल मिले, जिन्हें भी नष्ट करवाया गया। यहां बिना लाइसेंस संचालित जूस की दुकान को सीज कर दिया गया।
राहुल रोचवानी जूस सेंटर की जांच में डीप फ्रीजर गंदा मिला। दुकान पर दो नाबालिग काम करते हुए पाए गए। जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के सचिव के हस्तक्षेप के बाद दोनों को दुकान के काम से मुक्त कराया गया। इसके बाद टेंपो स्टैंड स्थित एक अन्य जूस की दुकान बिना लाइसेंस संचालित मिलने पर उसे भी मौके पर सीज कर दिया गया।
खालसा मीट शॉप में गंदगी और बदबूदार मांस मिलने पर कार्रवाई
हेमू कालानी चौक पर स्टेशन रोड स्थित खालसा मीट शॉप के निरीक्षण के दौरान टीम को भारी गंदगी मिली। दुकान के डीप फ्रीजर में रखा मांस और मछली बदबूदार अवस्था में पाए गए। मुख्य बाजार में स्थित दुकान में इस तरह की स्थिति को देखते हुए स्वच्छता और जनस्वास्थ्य को लेकर चिंता जताई गई।
जांच के दौरान दुकान मालिक मौके पर मौजूद नहीं था। वहां काम करने वाले श्रमिकों ने बताया कि दुकान से कस्बे सहित आसपास के विभिन्न छोटे दुकानदारों को मांस की आपूर्ति की जाती है। इसके बाद खाद्य सुरक्षा एवं संयुक्त टीम ने दुकान को तत्काल सीज कर दिया।
संयुक्त टीम रही मौजूद
कार्रवाई के दौरान जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, खैरथल के सचिव अजीत कुड़ी, मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. अरविंद गेट, खाद्य सुरक्षा अधिकारी हेमंत कुमार यादव, प्राधिकरण का स्टाफ और पुलिसकर्मी मौजूद रहे। अभियान का उद्देश्य खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता सुनिश्चित करना, स्वच्छता बनाए रखना और मिलावटखोरी पर अंकुश लगाना रहा।
मिशनसच न्यूज के लेटेस्ट अपडेट पाने के लिए हमारे व्हाट्सप्प ग्रुप को जॉइन करें।
https://chat.whatsapp.com/JX13MOGfl1tJUvBmQFDvB1
अन्य खबरों के लिए देखें मिशनसच नेटवर्क


