40 हजार रुपये की रिश्वत लेते एसीबी की कार्रवाई, निजी व्यक्ति के जरिए रकम लेने का आरोप
जयपुर। भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो (एसीबी) ने जयपुर ग्रामीण के अमरसर थाना क्षेत्र में बड़ी ट्रेप कार्रवाई करते हुए पुलिस परिवाद को रफादफा करने और परिवादी के पक्ष में रिपोर्ट बनाने की एवज में रिश्वत लेने के आरोप में एक दलाल और हेड कांस्टेबल को गिरफ्तार किया है। एसीबी की टीम ने कार्रवाई के दौरान 40 हजार रुपये की रिश्वत राशि लेते हुए निजी व्यक्ति को रंगे हाथों पकड़ा, जिसके बाद संबंधित हेड कांस्टेबल को भी पूछताछ के बाद गिरफ्तार कर लिया गया।
एसीबी मुख्यालय के निर्देश पर एसीबी जयपुर नगर-प्रथम इकाई ने सोमवार को यह कार्रवाई की। गिरफ्तार आरोपियों में राकेश कुमार मीणा, जो अमरसर में अंग्रेजी व देशी शराब के ठेके पर सेल्समैन के रूप में कार्यरत है और कथित तौर पर दलाल की भूमिका निभा रहा था, तथा अमरसर पुलिस थाने में तैनात हेड कांस्टेबल रतन लाल आर्य शामिल हैं।
50 हजार की मांग, 40 हजार में बनी सहमति
भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो के महानिदेशक पुलिस गोविंद गुप्ता के अनुसार एसीबी को एक लिखित शिकायत प्राप्त हुई थी। शिकायत में आरोप लगाया गया कि परिवादी के खिलाफ अमरसर पुलिस थाने में दर्ज एक परिवाद को रफादफा करने और उसके पक्ष में रिपोर्ट तैयार करने की एवज में हेड कांस्टेबल रतन लाल आर्य द्वारा 50 हजार रुपये की रिश्वत मांगी जा रही थी।
शिकायत के सत्यापन के दौरान एसीबी ने आरोपों की जांच कराई। सत्यापन में रिश्वत की मांग किए जाने तथा 40 हजार रुपये लेने पर सहमति बनने की बात सामने आई।
दलाल ने ली रिश्वत, फिर हेड कांस्टेबल गिरफ्तार
एसीबी के अनुसार सोमवार को ट्रेप कार्रवाई के दौरान निजी व्यक्ति राकेश कुमार मीणा ने हेड कांस्टेबल रतन लाल आर्य के लिए परिवादी से 40 हजार रुपये की रिश्वत राशि प्राप्त की। इसके बाद एसीबी टीम ने उसे रंगे हाथों गिरफ्तार कर लिया।
कार्रवाई के बाद हेड कांस्टेबल रतन लाल आर्य को डिटेन कर पूछताछ की गई और बाद में गिरफ्तार कर लिया गया। एसीबी अधिकारियों ने दोनों आरोपियों से पूछताछ शुरू कर दी है।
वरिष्ठ अधिकारियों की निगरानी में कार्रवाई
यह कार्रवाई उप महानिरीक्षक पुलिस-द्वितीय ओमप्रकाश मीणा के सुपरविजन में तथा अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक भूपेंद्र के नेतृत्व में एसीबी जयपुर नगर-प्रथम की टीम द्वारा की गई। एसीबी की अतिरिक्त महानिदेशक पुलिस स्मिता श्रीवास्तव एवं महानिरीक्षक एस. परिमला के सुपरविजन में मामले की आगे की कार्रवाई जारी है।
एसीबी ने बताया कि मामले में भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत प्रकरण दर्ज कर विस्तृत अनुसंधान किया जाएगा।
भ्रष्टाचार की शिकायत के लिए हेल्पलाइन
भ्रष्टाचार निरोधक ब्यूरो ने आमजन से भ्रष्टाचार के मामलों की सूचना देने की अपील की है। एसीबी के टोल फ्री नंबर 1064 और व्हाट्सएप हेल्पलाइन नंबर 9413502834 पर 24 घंटे संपर्क किया जा सकता है।
मिशनसच न्यूज के लेटेस्ट अपडेट पाने के लिए हमारे व्हाट्सप्प ग्रुप को जॉइन करें।
https://chat.whatsapp.com/JX13MOGfl1tJUvBmQFDvB1
अन्य खबरों के लिए देखें मिशनसच नेटवर्क

