कलक्टर ने कलसाडा में लाभार्थियों को सौंपे दस्तावेज, राजीविका समूह की महिलाओं के नवाचार को मिला प्रोत्साहन
अलवर। जिला कलक्टर डॉ. आर्तिका शुक्ला ने गुरुवार को मालाखेड़ा तहसील की ग्राम पंचायत कलसाडा में आयोजित ग्रामीण सेवा शिविर का औचक निरीक्षण कर विभिन्न विभागों द्वारा दी जा रही सेवाओं की समीक्षा की। उन्होंने शिविर में पहुंचे ग्रामीणों से फीडबैक लिया और अधिकारियों को आमजन की परिवेदनाओं का मौके पर ही गुणवत्तापूर्ण निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान जिला कलक्टर ने शिविर में लगी विभिन्न विभागों की स्टॉल का अवलोकन किया और अधिकारियों को निर्देशित किया कि सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ पात्र लोगों तक सरल एवं त्वरित तरीके से पहुंचाया जाए। उन्होंने ग्रामीण सेवा शिविरों का व्यापक प्रचार-प्रसार करने पर भी जोर दिया, ताकि अधिक से अधिक लोग एक ही स्थान पर अपनी समस्याओं का समाधान प्राप्त कर सकें।
इस दौरान उन्होंने विभिन्न योजनाओं के लाभार्थियों को इंडक्शन चूल्हे एवं अन्य योजनाओं से संबंधित दस्तावेज भी वितरित किए।
जोहड़ निर्माण कार्य का लिया जायजा
इसके बाद जिला कलक्टर ने ग्राम कलसाडा में मनरेगा के तहत चल रहे जोहड़ निर्माण कार्य का निरीक्षण किया। उन्होंने विकास अधिकारी को गुणवत्ता के साथ निर्धारित समय सीमा में कार्य पूर्ण कराने तथा जल संरक्षण से जुड़े अन्य कार्यों के प्रस्ताव तैयार करने के निर्देश दिए।
राजीविका समूह की महिलाओं के नवाचार की सराहना
जिला कलक्टर ने रामगढ़ के ग्राम पूठी में राजीविका स्वयं सहायता समूह की महिलाओं द्वारा प्लास्टिक वेस्ट से कृषि उपयोगी पाइप बनाने की इकाई का भी निरीक्षण किया। उन्होंने इस नवाचार की सराहना करते हुए राजीविका की जिला परियोजना प्रबंधक (डीपीएम) को अधिक से अधिक महिलाओं को समूहों से जोड़कर उन्हें स्वरोजगार से जोड़ने के निर्देश दिए।
उन्होंने हस्तनिर्मित उत्पादों को बाजार उपलब्ध कराने के लिए मेले एवं प्रदर्शनियों में स्टॉल लगाने पर भी विशेष जोर दिया।
महिलाओं को मिला रोजगार और आत्मनिर्भरता
निरीक्षण के दौरान स्वयं सहायता समूह की सदस्य निशा चावला ने बताया कि राजीविका से जुड़ने के बाद उन्होंने बैंक से 8 लाख रुपये तथा समूह से 4 लाख रुपये का ऋण लेकर प्लास्टिक वेस्ट से प्लास्टिक दाने और कृषि कार्य में उपयोग होने वाली पाइप बनाने की इकाई स्थापित की। इस इकाई से सभी खर्च निकालने के बाद प्रतिवर्ष लगभग 8 लाख रुपये की आय हो रही है तथा उनके साथ 12 महिलाओं को भी रोजगार मिला है।
निरीक्षण के दौरान मालाखेड़ा तहसीलदार धीरेन्द्र कर्दम, विकास अधिकारी राजबाला मीणा, राजीविका डीपीएम राहुल सहित संबंधित विभागों के अधिकारी, जनप्रतिनिधि एवं बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे।
मिशनसच न्यूज के लेटेस्ट अपडेट पाने के लिए हमारे व्हाट्सप्प ग्रुप को जॉइन करें।
https://chat.whatsapp.com/JX13MOGfl1tJUvBmQFDvB1
अन्य खबरों के लिए देखें मिशनसच नेटवर्क


