होप सर्कस पर होगा लेजर लाइट शो और 1100 दीपकों से महाआरती; मूसी महारानी की छतरी पर टाइगर मैराथन 2027 के प्री-कर्सर इवेंट में शामिल होंगे रणदीप हुड्डा
अलवर। अलवर में पहली बार दीपोत्सव 2026 का भव्य आयोजन किया जाएगा। 6 और 7 नवंबर को होने वाले इस दो दिवसीय आयोजन में शहर के प्रमुख ऐतिहासिक स्थलों को रोशनी से सजाया जाएगा। कंपनी बाग में 11 हजार दीपक जलाए जाएंगे, वहीं होप सर्कस पर लेजर लाइट शो और 1100 दीपकों से महाआरती का आयोजन होगा। इसके साथ ही अलवर टाइगर मैराथन 2027 के प्री-कर्सर इवेंट के तहत बॉलीवुड अभिनेता एवं मैराथन के ब्रांड एंबेसडर रणदीप हुड्डा भी अलवर पहुंचेंगे।
इस संबंध में टाइगर मैराथन ट्रस्ट एवं संयुक्त व्यापार महासंघ की ओर से प्रेस वार्ता आयोजित की गई। नगर निगम महापौर सुमन लता अग्रवाल ने कहा कि अलवर शहर में पहली बार आयोजित होने जा रहा दीपोत्सव एक अभिनव और अनूठा प्रयोग है, जो ऐतिहासिक साबित होगा। इस आयोजन से शहर की सांस्कृतिक और ऐतिहासिक पहचान को नई ऊंचाई मिलेगी। कार्यक्रम अलवर टाइगर मैराथन ट्रस्ट, संयुक्त व्यापार महासंघ, नगर निगम अलवर, नगर विकास न्यास और जिला प्रशासन के संयुक्त नेतृत्व में आयोजित किया जा रहा है।
6 नवंबर को होंगे ये कार्यक्रम
आयोजन के पहले दिन 6 नवंबर को शाम 6 बजे होप सर्कस पर लेजर लाइट शो होगा। इसका शुभारंभ केंद्रीय वन एवं पर्यावरण मंत्री भूपेंद्र यादव, राज्य के वन एवं पर्यावरण मंत्री संजय शर्मा और अलवर टाइगर मैराथन के ब्रांड एंबेसडर रणदीप हुड्डा करेंगे।
इसके बाद कंपनी बाग में संयुक्त रोटरी क्लब्स ऑफ अलवर की ओर से भजन जैमिंग एवं आध्यात्मिक सत्संग का आयोजन किया जाएगा। बच्चों और बड़ों के लिए रचनात्मक कला गतिविधियां भी रखी गई हैं। इसमें प्रतिभागी अपनी पसंद की गुल्लक और दीपकों पर पेंटिंग कर सकेंगे तथा उन्हें अपने साथ घर ले जा सकेंगे।
रात 8 बजे कंपनी बाग में 11 हजार दीपकों से भव्य दीपोत्सव मनाया जाएगा। इसका आयोजन जय कृष्णा क्लब, अलवर चेंबर ऑफ कॉमर्स, मत्स्य उद्योग संघ, मत्स्य मिनरल उद्योग संघ, विजय सोल्वेक्स और लघु उद्योग संघ के संयुक्त तत्वावधान में किया जाएगा।
7 नवंबर को 1100 दीपकों से होगी महाआरती
दीपोत्सव के दूसरे दिन 7 नवंबर को होप सर्कस पर विशेष महाआरती का आयोजन होगा। हरीश हॉस्पिटल, मित्तल हॉस्पिटल और युवराज प्रताप सिंह होम्योपैथी मेडिकल कॉलेज के संयुक्त तत्वावधान में 1100 दीपक जलाए जाएंगे। इस दौरान 11 विद्वान पंडितों द्वारा महाआरती की जाएगी। इसे बड़ी स्क्रीन पर ध्वनि व्यवस्था के साथ प्रदर्शित किया जाएगा।
मूसी महारानी की छतरी पर होगा टाइगर मैराथन का प्री-कर्सर इवेंट
अलवर टाइगर मैराथन के संयोजक अरुण जैन ने बताया कि टाइगर मैराथन 2027 के प्री-कर्सर इवेंट के तहत 6 नवंबर को दोपहर 3:30 बजे ऐतिहासिक मूसी महारानी की छतरी पर विशेष कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। इसमें सांसद एवं केंद्रीय मंत्री भूपेंद्र यादव, राज्य के वन एवं पर्यावरण मंत्री संजय शर्मा और मैराथन के ब्रांड एंबेसडर रणदीप हुड्डा शामिल होंगे।संयुक्त व्यापार महासंघ के अध्यक्ष हरमीत मेहंदी रत्ता ने दीपोत्सव 2026 और टाइगर मैराथन के प्री-कर्सर इवेंट की संयुक्त रूपरेखा प्रस्तुत की। प्रेस वार्ता को अग्रवाल महासभा के अध्यक्ष अतुल अग्रवाल और पार्षद अपूर्वा शर्मा ने भी संबोधित किया। इस अवसर पर भाजपा जिला मीडिया प्रभारी लक्ष्मी नारायण गुप्ता और शहर प्रभारी अंजू शर्मा सहित अन्य लोग मौजूद रहे।
मिशनसच न्यूज के लेटेस्ट अपडेट पाने के लिए हमारे व्हाट्सप्प ग्रुप को जॉइन करें।
https://chat.whatsapp.com/JX13MOGfl1tJUvBmQFDvB1
अन्य खबरों के लिए देखें मिशनसच नेटवर्क



