More
    Homeराजस्थानअलवरअलवर में डॉयट्स इंजन उत्पादन संयंत्र का उद्घाटन, उद्योगों को गति देने...

    अलवर में डॉयट्स इंजन उत्पादन संयंत्र का उद्घाटन, उद्योगों को गति देने पर सरकार का जोर

    टैफे मोटर्स और डॉयट्स की साझेदारी से शुरू हुआ नया उत्पादन केंद्र, मंत्री राज्यवर्धन राठौड़ ने कहा- निवेश और रोजगार बढ़ाने के लिए सरकार प्रतिबद्ध

    अलवर। उद्योग एवं वाणिज्य, सूचना प्रौद्योगिकी एवं संचार, युवा मामले एवं खेल, कौशल नियोजन एवं उद्यमिता तथा सैनिक कल्याण मंत्री कर्नल राज्यवर्धन राठौड़ ने रविवार को अलवर स्थित ट्रैक्टर्स एण्ड फार्म इक्विपमेंट लिमिटेड (टैफे) की पूर्ण स्वामित्व वाली सहायक कंपनी टैफे मोटर्स एण्ड ट्रैक्टर्स लिमिटेड के विनिर्माण संयंत्र में डॉयट्स इंजन उत्पादन इकाई का उद्घाटन किया। यह टैफे मोटर्स और डॉयट्स एजी के बीच उत्पादन एवं विनिर्माण क्षेत्र में पहली साझेदारी है।

    उद्घाटन समारोह को संबोधित करते हुए मंत्री कर्नल राज्यवर्धन राठौड़ ने कहा कि राज्य सरकार प्रगतिशील नीतियों और व्यापार को सरल बनाने वाली व्यवस्थाओं के माध्यम से उद्योगों के लिए अनुकूल वातावरण तैयार करने के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने कहा कि इन प्रयासों के कारण राजस्थान देश के प्रमुख विनिर्माण केंद्रों में अपनी मजबूत पहचान बना रहा है।

    उन्होंने बताया कि राज्य सरकार द्वारा आयोजित राइजिंग राजस्थान वैश्विक निवेश शिखर सम्मेलन के दौरान विभिन्न क्षेत्रों में 35 लाख करोड़ रुपये से अधिक के निवेश समझौते हुए हैं। इससे प्रदेश में औद्योगिक विकास को गति मिलने के साथ युवाओं के लिए रोजगार के नए अवसर भी सृजित हो रहे हैं।

    मंत्री ने कहा कि टैफे नवाचार, कौशल विकास और विश्वस्तरीय तकनीक के माध्यम से देश के किसानों को सशक्त बनाने में महत्वपूर्ण योगदान दे रही है। उनके अनुसार आधुनिक विनिर्माण तकनीकों के विस्तार से प्रदेश की औद्योगिक क्षमता और अधिक मजबूत होगी।

    कर्नल राज्यवर्धन राठौड़ ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के विकसित भारत-2047 के लक्ष्य को ध्यान में रखते हुए राज्य सरकार ने निवेश और औद्योगिक विकास को प्रोत्साहित करने के लिए 30 से अधिक नई नीतियां लागू की हैं। इनमें सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्योग, निर्यात प्रोत्साहन, कर व्यवस्था, लॉजिस्टिक्स, डेटा सेंटर और सेमीकंडक्टर जैसे क्षेत्रों से जुड़ी नीतियां शामिल हैं।

    उन्होंने कहा कि इन नीतियों के प्रभाव से राजस्थान में निवेश का वातावरण लगातार मजबूत हो रहा है और नए औद्योगिक निवेश आकर्षित हो रहे हैं।

    इस अवसर पर टैफे की चेयरमैन एवं प्रबंध निदेशक मल्लिका श्रीनिवासन, उपाध्यक्ष डॉ. लक्ष्मी वेणू, मुख्य कार्यकारी अधिकारी संदीप सिन्हा, डॉयट्स एजी के मुख्य कार्यकारी अधिकारी डॉ. सेबस्टियन शुल्टे सहित कंपनी के वरिष्ठ अधिकारी, कर्मचारी और अनेक गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे।

    मिशनसच न्यूज के लेटेस्ट अपडेट पाने के लिए हमारे व्हाट्सप्प ग्रुप को जॉइन करें।
    https://chat.whatsapp.com/JX13MOGfl1tJUvBmQFDvB1

    अन्य खबरों के लिए देखें मिशनसच नेटवर्क

    https://missionsach.com/category/india

    latest articles

    explore more

    LEAVE A REPLY

    Please enter your comment!
    Please enter your name here