आवंटन समिति बैठक में नगर विकास योजनाओं के लंबित प्रकरणों पर लिया निर्णय
अलवर। जिला कलेक्टर डॉ. आर्तिका शुक्ला की अध्यक्षता में शुक्रवार को नगर विकास न्यास के नागरिक सेवा केंद्र स्थित नीलामी कक्ष में आवंटन समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक में नगर विकास न्यास की विभिन्न योजनाओं से जुड़े लंबित प्रकरणों के निस्तारण पर चर्चा करते हुए कई महत्वपूर्ण निर्णय लिए गए।
जिला कलेक्टर ने निर्देश दिए कि शेष बचे प्रकरणों के निस्तारण के लिए आगामी दो माह में पुनः आवंटन समिति की बैठक आयोजित की जाए, ताकि सभी मामलों का समयबद्ध समाधान सुनिश्चित किया जा सके।
बैठक के दौरान न्यास की अवार्डेड योजनाओं—शालीमार नगर, विज्ञान नगर, अंबेडकर नगर, बुद्ध विहार, सूर्य नगर को जोड़ने वाली 200 फीट सड़क, वैशाली नगर सहित अन्य क्षेत्रों में नगर मुआवजा राशि के एवज में शेष रहे हितबद्धधारियों एवं खातेदारों को 20 प्रतिशत आवासीय विकसित भूमि एवं 5 प्रतिशत व्यावसायिक विकसित भूमि आवंटन से संबंधित 15 प्रकरणों में निर्णय लिया गया।
इन योजनाओं से जुड़े लगभग 50 हितबद्धधारियों एवं खातेदारों ने बैठक में भाग लेकर अपना पक्ष रखा, जिस पर विचार करते हुए समिति ने आवश्यक निर्णय लिए।
बैठक में नगर विकास न्यास सचिव श्रीमती स्नेहल धायगुडे नाना, भूमि अवाप्ति अधिकारी जितेंद्र सिंह नरूका, अधिशासी अभियंता अशोक मदान, वरिष्ठ विधि अधिकारी चरण सिंह, वरिष्ठ लेखाधिकारी मनमोहन गुप्ता एवं उप नगर नियोजक संध्या सैनी सहित अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।
मिशनसच न्यूज के लेटेस्ट अपडेट पाने के लिए हमारे व्हाट्सप्प ग्रुप को जॉइन करें।
https://chat.whatsapp.com/JX13MOGfl1tJUvBmQFDvB1
अन्य खबरों के लिए देखें मिशनसच नेटवर्क


