More
    Homeराजस्थानअलवरअलवर में रेल सुविधाओं की मांग को लेकर सांसद भूपेन्द्र यादव को...

    अलवर में रेल सुविधाओं की मांग को लेकर सांसद भूपेन्द्र यादव को सौंपा ज्ञापन

    रेल सुविधाओं से होगा यात्रियों को फायदा 

    मिशनसच न्यूज,  अलवर।अलवर जिले की लंबित एवं महत्वपूर्ण रेल सुविधाओं की मांगों को लेकर रेल विकास संघर्ष समिति (RVSS), अलवर की ओर से माननीय सांसद अलवर एवं केन्द्रीय मंत्री  भूपेन्द्र यादव को ज्ञापन सौंपा गया। ज्ञापन के माध्यम से समिति ने अलवर क्षेत्र की वर्षों से लंबित रेल समस्याओं की ओर ध्यान आकर्षित करते हुए उनके शीघ्र समाधान की मांग की।

    ज्ञापन में प्रमुख रूप से 12957/12958 स्वर्ण जयंती राजधानी एक्सप्रेस का अलवर जंक्शन पर ठहराव सुनिश्चित करने, चंबल एक्सप्रेस का मथुरा–अलवर–जयपुर मार्ग से हनुमानगढ़ तक विस्तार करने तथा प्रस्तावित हिसार–आगरा कैंट नई ट्रेन को अलवर मार्ग से संचालित करने जैसी महत्वपूर्ण एवं जनहितकारी मांगें रखी गईं। समिति ने कहा कि इन मांगों के पूरा होने से अलवर सहित आसपास के जिलों के यात्रियों को सीधा लाभ मिलेगा।

    रेल विकास संघर्ष समिति के पदाधिकारियों ने बताया कि अलवर दिल्ली–जयपुर रेलखंड का एक अत्यंत महत्वपूर्ण स्टेशन है। यहां से बड़ी संख्या में यात्री प्रतिदिन दिल्ली, जयपुर एवं अन्य प्रमुख शहरों की ओर आवागमन करते हैं। इसके अलावा अलवर औद्योगिक गतिविधियों, शिक्षा संस्थानों और पर्यटन की दृष्टि से भी महत्वपूर्ण है। सरिस्का टाइगर रिज़र्व जैसे अंतरराष्ट्रीय स्तर के पर्यटन स्थल के कारण देश-विदेश से पर्यटक अलवर आते हैं, लेकिन पर्याप्त रेल सुविधाओं के अभाव में यात्रियों को असुविधाओं का सामना करना पड़ता है।

    समिति का कहना है कि दिल्ली–एनसीआर से अलवर का सीधा और भारी दैनिक आवागमन होने के बावजूद कई प्रमुख ट्रेनों का ठहराव अलवर में नहीं है, जिससे यात्रियों को वैकल्पिक साधनों पर निर्भर रहना पड़ता है। यदि प्रस्तावित मांगों को स्वीकार किया जाता है, तो न केवल यात्रियों का समय और धन बचेगा, बल्कि क्षेत्र के आर्थिक एवं पर्यटन विकास को भी गति मिलेगी।

    ज्ञापन सौंपते समय रेल विकास संघर्ष समिति के अध्यक्ष कमल कांत खड़िया के साथ संतोष जैन, बाबूलाल कोली एवं सोनू पंवार उपस्थित रहे। सभी सदस्यों ने एक स्वर में कहा कि अलवर की रेल मांगें पूरी तरह जनहित से जुड़ी हुई हैं और इनका शीघ्र समाधान क्षेत्र की लंबे समय से चली आ रही आवश्यकता है।

    रेल विकास संघर्ष समिति ने आशा व्यक्त की कि माननीय सांसद  भूपेन्द्र यादव इन मांगों को गंभीरता से लेते हुए रेल मंत्रालय के समक्ष प्रभावी रूप से प्रस्तुत करेंगे और अलवर जिले को शीघ्र ही बेहतर रेल सुविधाओं का लाभ मिलेगा।

    मिशनसच न्यूज के लेटेस्ट अपडेट पाने के लिए हमारे व्हाट्सप्प ग्रुप को जॉइन करें।
    https://chat.whatsapp.com/JX13MOGfl1tJUvBmQFDvB1

    अन्य खबरों के लिए देखें मिशनसच नेटवर्क
    https://missionsach.com/category/india

    latest articles

    explore more

    LEAVE A REPLY

    Please enter your comment!
    Please enter your name here