More
    Homeराजस्थानअलवरअलवर में सफाई व्यवस्था पर निगम आयुक्त का ‘एक्शन’: सड़कों से नालों...

    अलवर में सफाई व्यवस्था पर निगम आयुक्त का ‘एक्शन’: सड़कों से नालों तक सघन निरीक्षण, गंदगी फैलाने वालों के काटे चालान

    सफाई व्यवस्था होगी और सख्त, सार्वजनिक स्थलों पर कचरा डालने वालों से मौके पर वसूला जुर्माना

    अलवर। शहर की सफाई व्यवस्था को लेकर नगर निगम ने सख्ती बढ़ा दी है। जिला कलक्टर डॉ. आर्तिका शुक्ला के निर्देशन में नगर निगम आयुक्त लक्ष्मीकांत कटारा ने शुक्रवार को शहर के विभिन्न स्थानों का भ्रमण कर सफाई व्यवस्था का सघन निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने निगम अधिकारियों एवं सफाई कार्मिकों को व्यवस्थाओं को और अधिक प्रभावी एवं सुदृढ़ बनाने के निर्देश दिए।

    नगर निगम आयुक्त ने कम्पनी बाग स्थित पिंक टॉयलेट, मुख्य गेट पर स्थित सार्वजनिक शौचालय तथा मोती डूंगरी स्थित नाले का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने सार्वजनिक सुविधाओं और आसपास की स्वच्छता व्यवस्था की स्थिति का जायजा लिया तथा संबंधित अधिकारियों को आवश्यक सुधार के निर्देश दिए।

    नालों की सफाई के बाद कचरा तत्काल उठाने के निर्देश

    आयुक्त ने निर्देश दिए कि नालों की सफाई के दौरान निकलने वाले कचरे को लंबे समय तक मौके पर नहीं छोड़ा जाए। नालों से निकले कचरे को हाथों-हाथ भरवाकर निर्धारित स्थान पर पहुंचाया जाए, ताकि सफाई के बाद दोबारा गंदगी की स्थिति उत्पन्न न हो और आमजन को परेशानी का सामना नहीं करना पड़े।

    उन्होंने सार्वजनिक शौचालयों की नियमित सफाई सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए। अधिकारियों को कहा गया कि सार्वजनिक शौचालयों में स्वच्छता एवं आवश्यक व्यवस्थाओं की लगातार निगरानी की जाए।

    गंदगी फैलाने वालों पर निगम का सख्त एक्शन

    शहर की सफाई व्यवस्था को प्रभावित करने वाले लोगों के खिलाफ नगर निगम की कार्रवाई भी जारी रहेगी। आयुक्त ने निर्देश दिए कि सार्वजनिक स्थानों पर निर्माण एवं विध्वंस अपशिष्ट या अन्य प्रकार का कचरा डालने वालों के खिलाफ लगातार प्रभावी कार्रवाई की जाए।

    निरीक्षण के दौरान सार्वजनिक स्थानों पर कचरा डालने वाले व्यक्तियों के विरुद्ध कार्रवाई करते हुए निगम की टीम ने चालान किए और मौके पर ही शास्ति राशि वसूल की।

    आमजन से भी स्वच्छता में सहयोग की अपील

    नगर निगम आयुक्त ने शहरवासियों से स्वच्छता व्यवस्था बनाए रखने में सक्रिय सहयोग की अपील की। उन्होंने आमजन को कचरा निर्धारित स्थान पर डालने तथा सार्वजनिक स्थलों को गंदा नहीं करने के लिए समझाइश दी।

    उन्होंने कहा कि शहर को स्वच्छ रखने की जिम्मेदारी केवल नगर निगम की नहीं है, बल्कि इसमें आमजन की भागीदारी भी जरूरी है। यदि लोग निर्धारित स्थान पर ही कचरा डालें और सार्वजनिक स्थानों पर गंदगी न फैलाएं तो शहर की सफाई व्यवस्था को बेहतर बनाया जा सकता है।

    नगर निगम की ओर से आने वाले दिनों में भी शहर के विभिन्न क्षेत्रों में सफाई व्यवस्था का निरीक्षण और सार्वजनिक स्थानों पर गंदगी फैलाने वालों के खिलाफ कार्रवाई जारी रखने पर जोर दिया गया है।

    मिशनसच न्यूज के लेटेस्ट अपडेट पाने के लिए हमारे व्हाट्सप्प ग्रुप को जॉइन करें।
    https://chat.whatsapp.com/JX13MOGfl1tJUvBmQFDvB1

    अन्य खबरों के लिए देखें मिशनसच नेटवर्क

    https://missionsach.com/category/india

    latest articles

    explore more

    LEAVE A REPLY

    Please enter your comment!
    Please enter your name here