चुनाव प्रक्रिया में पारदर्शिता पर जोर, आरओ-एआरओ को समयबद्ध तैयारियां पूरी करने के निर्देश
अलवर। नगरीय निकाय आम चुनाव-2026 को लेकर प्रशासन ने चुनावी तैयारियों को तेज कर दिया है। इसी क्रम में जिला निर्वाचन अधिकारी (नगरपालिका) डॉ. आर्तिका शुक्ला के निर्देशन में शुक्रवार को जिला कलक्ट्रेट सभागार में समस्त रिटर्निंग अधिकारी (आरओ) एवं सहायक रिटर्निंग अधिकारी (एआरओ) का प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया गया। प्रशिक्षण के दौरान अधिकारियों को नामांकन से लेकर मतदान और मतगणना तक की पूरी चुनाव प्रक्रिया की विस्तार से जानकारी दी गई।
कार्यक्रम में एडीएम द्वितीय एवं प्रशिक्षण प्रकोष्ठ प्रभारी श्रीमती बीना महावर ने आरओ एवं एआरओ को नगरीय निकाय चुनाव के सफल संचालन के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि चुनाव प्रक्रिया को निष्पक्ष, स्वतंत्र, भयमुक्त, पारदर्शी और समन्वित तरीके से संपन्न कराने के लिए सभी आवश्यक तैयारियां समयबद्ध रूप से पूरी की जाएं।
उन्होंने अधिकारियों से राज्य निर्वाचन आयोग द्वारा जारी दिशा-निर्देशों की अक्षरशः पालना सुनिश्चित करने तथा उन्हें सौंपे गए दायित्वों का पूरी सक्रियता और जिम्मेदारी के साथ निर्वहन करने को कहा। साथ ही संबंधित निर्वाचन क्षेत्रों में आचार संहिता के प्रावधानों की कड़ाई से पालना कराने के निर्देश दिए।
नामांकन प्रक्रिया की बारीकियां समझाईं
प्रशिक्षण कार्यक्रम के दौरान डीएलएमटी द्वारा पीपीटी के माध्यम से आरओ एवं एआरओ को नगरीय निकाय आम चुनाव-2026 की नामांकन प्रक्रिया के संबंध में विस्तार से जानकारी दी गई। अधिकारियों को नामांकन के दौरान आवश्यक दस्तावेज, उम्मीदवार की योग्यता एवं अयोग्यता, नाम निर्देशन पत्रों की प्रारंभिक जांच तथा चुनाव चिह्न आवंटन की प्रक्रिया के बारे में बताया गया।
प्रशिक्षण में अधिकारियों को यह भी समझाया गया कि नामांकन प्रक्रिया के दौरान आयोग के निर्धारित नियमों और दिशा-निर्देशों का पूरी सावधानी के साथ पालन किया जाए, ताकि चुनाव प्रक्रिया में किसी प्रकार की तकनीकी या प्रशासनिक त्रुटि की स्थिति उत्पन्न न हो।
मतदान प्रक्रिया में मॉक पोल से डाक मतपत्र तक जानकारी
प्रशिक्षण के दौरान मतदान प्रक्रिया के विभिन्न चरणों पर भी विस्तार से चर्चा की गई। इसमें मतदान दलों के प्रशिक्षण, मतदान दलों की रवानगी, मॉक पोल, डाक मतपत्र और टेंडर वोट सहित अन्य महत्वपूर्ण प्रक्रियाओं की जानकारी दी गई।
अधिकारियों को मतदान के दौरान निर्धारित नियमों के अनुसार कार्य करने तथा मतदान प्रक्रिया को शांतिपूर्ण और पारदर्शी बनाए रखने के संबंध में आवश्यक निर्देश दिए गए।
मतगणना के निर्धारित मापदंडों की भी दी जानकारी
प्रशिक्षण कार्यक्रम में मतगणना प्रक्रिया को लेकर भी अधिकारियों को आयोग द्वारा निर्धारित मापदंडों की जानकारी दी गई। अधिकारियों को बताया गया कि मतगणना के प्रत्येक चरण में निर्धारित प्रक्रिया और नियमों का पालन सुनिश्चित किया जाए, ताकि परिणाम तैयार करने में पूर्ण पारदर्शिता बनी रहे।
प्रशासन की ओर से अधिकारियों को चुनाव प्रक्रिया के दौरान आपसी समन्वय बनाए रखने और किसी भी परिस्थिति में आयोग के निर्देशों की अनदेखी नहीं करने के निर्देश दिए गए।
प्रशासन ने तैयारियों को समयबद्ध पूरा करने पर दिया जोर
प्रशिक्षण के माध्यम से प्रशासन ने स्पष्ट किया कि नगरीय निकाय चुनाव को स्वतंत्र एवं निष्पक्ष तरीके से संपन्न कराना प्राथमिकता है। इसके लिए आरओ एवं एआरओ को अपनी-अपनी जिम्मेदारियों को समझते हुए चुनाव से संबंधित सभी तैयारियां निर्धारित समय सीमा में पूरी करने के निर्देश दिए गए।
कार्यक्रम में एडीएम शहर अम्बा लाल मीणा, उपखण्ड अधिकारी अलवर माधव भारद्वाज, ओएसडी इलेक्शन श्रीमती आदिति वार्ष्णेय, यूआईटी उप सचिव जितेन्द्र सिंह नरूका, तहसीलदार चुनाव शाखा अमित सहित समस्त आरओ एवं एआरओ मौजूद रहे। प्रशिक्षण में डीएलएमटी गौरव जैन, अरविन्द, सुरेश तनेजा एवं अनिल खण्डेलवाल ने भी सहभागिता की।
मिशनसच न्यूज के लेटेस्ट अपडेट पाने के लिए हमारे व्हाट्सप्प ग्रुप को जॉइन करें।
https://chat.whatsapp.com/JX13MOGfl1tJUvBmQFDvB1
अन्य खबरों के लिए देखें मिशनसच नेटवर्क


