ग्राम रथ अभियान के जरिए 13 विभागों की योजनाओं का प्रचार, आमजन से लिए जाएंगे सुझाव
अलवर। जिला कलेक्टर डॉ. आर्तिका ने बताया कि राजस्थान सरकार द्वारा ग्रामीण क्षेत्रों में जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी पहुंचाने के उद्देश्य से ‘ग्राम रथ अभियान’ का शुभारंभ 28 अप्रैल से किया जाएगा। इस अभियान के तहत एलईडी मोबाइल वैन के माध्यम से गांव-गांव जागरूकता फैलाई जाएगी।

उन्होंने बताया कि जिले की पांच ग्रामीण विधानसभा क्षेत्रों—अलवर ग्रामीण, रामगढ़, राजगढ़-लक्ष्मणगढ़, कठूमर और थानागाजी—में यह अभियान आगामी 15 दिनों तक संचालित किया जाएगा। इसके लिए विस्तृत रूट चार्ट तैयार किए गए हैं।
अभियान के सुचारू संचालन और निगरानी के लिए जिला स्तर पर जिला परिषद के मुख्य कार्यकारी अधिकारी को नोडल अधिकारी बनाया गया है, जबकि विधानसभा स्तर पर संबंधित उपखंड अधिकारियों को जिम्मेदारी सौंपी गई है।
इन ग्राम रथों के माध्यम से मुख्यमंत्री विकसित ग्राम अभियान के अंतर्गत 13 विभागों की योजनाओं का व्यापक प्रचार-प्रसार किया जाएगा। इनमें कृषि, उद्यानिकी, कृषि विपणन, पशुपालन, डेयरी, मत्स्य, सहकारिता, सिंचाई, उद्योग, ऊर्जा, राजस्व, पंचायती राज एवं ग्रामीण विकास विभाग शामिल हैं।
प्रत्येक रथ में संबंधित विभागों की प्रचार सामग्री उपलब्ध रहेगी। साथ ही, रथों में सुझाव पेटिका भी रखी जाएगी, जिसमें ग्रामीणों से सुझाव लिए जाएंगे, ताकि योजनाओं को और प्रभावी बनाया जा सके।
मिशनसच न्यूज के लेटेस्ट अपडेट पाने के लिए हमारे व्हाट्सप्प ग्रुप को जॉइन करें।
https://chat.whatsapp.com/JX13MOGfl1tJUvBmQFDvB1
अन्य खबरों के लिए देखें मिशनसच नेटवर्क

