सर्वाइकल कैंसर की रोकथाम के लिए किशोरियों को एचपीवी टीका, नगर निगम को आदर्श पार्क विकसित करने के निर्देश
अलवर। जिला कलक्टर डॉ. आर्तिका शुक्ला ने आज सेटेलाइट हॉस्पिटल काला कुआं में बालिकाओं के लिए एचपीवी टीकाकरण अभियान का जिले में शुभारंभ किया तथा चिकित्सालय का निरीक्षण भी किया। इसके पश्चात उन्होंने काला कुआं सेक्टर-1 में नगर निगम द्वारा विकसित की गई अशोक वाटिका का अवलोकन कर संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
जिला कलक्टर ने एचपीवी टीकाकरण अभियान की शुरुआत करते हुए कहा कि यह पहल सर्वाइकल कैंसर की रोकथाम और किशोरियों के स्वास्थ्य सुरक्षा की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है। अभियान का उद्देश्य बालिकाओं का प्रारंभिक अवस्था में ही टीकाकरण कर उन्हें सर्वाइकल कैंसर जैसी गंभीर बीमारी से सुरक्षित करना है। इस दौरान उन्होंने चिकित्सालय में उपलब्ध चिकित्सा सेवाओं का निरीक्षण किया और मरीजों को समुचित उपचार उपलब्ध कराने के लिए आवश्यक व्यवस्थाएं हर समय सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
इसके उपरांत जिला कलक्टर ने काला कुआं सेक्टर-1 स्थित अशोक वाटिका का अवलोकन किया। उन्होंने पार्क निर्माण कार्य की सराहना करते हुए वहां स्थापित कलाकृतियों को बारीकी से देखा। नगर निगम आयुक्त को निर्देशित किया गया कि शहर के अन्य क्षेत्रों में भी इसी प्रकार के आदर्श पार्क विकसित किए जाएं, जिससे नागरिकों को बेहतर सार्वजनिक सुविधाएं मिल सकें।
निरीक्षण के दौरान अतिरिक्त जिला कलक्टर प्रथम श्रीमती बीना महावर, जिला परिषद के मुख्य कार्यकारी अधिकारी सालुखे गौरव रविंद्र, नगर निगम आयुक्त सोहन सिंह नरूका, यूआईटी के भूमि आवाप्ति अधिकारी जितेंद्र सिंह नरूका सहित अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।
मिशनसच न्यूज के लेटेस्ट अपडेट पाने के लिए हमारे व्हाट्सप्प ग्रुप को जॉइन करें।
https://chat.whatsapp.com/JX13MOGfl1tJUvBmQFDvB1
अन्य खबरों के लिए देखें मिशनसच नेटवर्क


