जयपुर। दिल्ली के गुजराल हाउस में आयोजित ‘मटेरियल मैटर्स’ प्रदर्शनी में जयपुर की कलाकार रिया गुप्ता की कलाकृतियां दर्शकों का ध्यान आकर्षित कर रही हैं। प्रदर्शनी के आठ प्रमुख कलात्मक विषयों में शामिल ‘एवरीथिंग ब्लू’ में नीले रंग के विभिन्न शेड्स, भावनाओं और कल्पनाओं को फोटोग्राफी एवं विजुअल आर्ट के माध्यम से प्रस्तुत किया गया है।
इस थीम के तहत रिया गुप्ता ने नीले रंग को अपनी रचनात्मक दृष्टि से अलग-अलग रूपों में अभिव्यक्त किया है। उनकी कलाकृतियों में कहीं नीले रंग की शांति और सौम्यता दिखाई देती है तो कहीं आकर्षक दृश्य संरचनाएं दर्शकों को ठहरकर देखने के लिए प्रेरित करती हैं। प्रदर्शनी में नीले रंग के विविध रूपों के जरिए भावनाओं और कल्पनाओं की अनूठी दुनिया सामने आई है।
30 नवंबर तक चलने वाली यह प्रदर्शनी प्रतिदिन सुबह 11 से शाम 6 बजे तक दर्शकों के लिए खुली रहेगी। कला प्रेमियों को यहां विभिन्न कलाकारों की रचनात्मकता और रंगों के विविध प्रयोगों को करीब से देखने का अवसर मिल रहा है।


