तुसारी मोड़ पर सड़क हादसा, तीन युवक घायल, दो की हालत गंभीर
कठूमर। नगर मार्ग पर तुसारी मोड़ के समीप सोमवार शाम एक भीषण सड़क हादसे में मोटरसाइकिल और टेंपो की आमने-सामने भिड़ंत हो गई। दुर्घटना में मोटरसाइकिल सवार तीन युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई और बड़ी संख्या में लोग घटनास्थल पर जुट गए।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, नगर तहसील के गंगावक गांव निवासी तीनों युवक मोटरसाइकिल से कठूमर से नगर की ओर जा रहे थे। इसी दौरान सामने से आ रहे टेंपो से तुसारी मोड़ के पास उनकी जोरदार टक्कर हो गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि तीनों युवक उछलकर सड़क पर गिर पड़े और गंभीर रूप से घायल हो गए।
दो घायलों को किया जिला अस्पताल रेफर
दुर्घटना में घायल हुए युवकों की पहचान रामो पुत्र जलसिंह गुर्जर (30 वर्ष), रम्भो पुत्र मोती गुर्जर (32 वर्ष) तथा गौतम पुत्र अमर सिंह (42 वर्ष), निवासी गंगावक के रूप में हुई है।
ग्रामीणों ने तत्काल तीनों घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) कठूमर पहुंचाया। चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार के बाद रामो और गौतम की हालत गंभीर होने पर उन्हें अलवर जिला अस्पताल रेफर कर दिया, जबकि रम्भो का उपचार सीएचसी कठूमर में जारी है।
पुलिस ने शुरू की जांच
जानकारी के अनुसार टेंपो चालक टीकरी गांव का निवासी है। हादसे के बाद टेंपो मौके पर ही रुक गया। सूचना मिलने पर कठूमर पुलिस घटनास्थल पर पहुंची और दोनों वाहनों को जब्त कर लिया।
पुलिस ने मामला दर्ज कर दुर्घटना के कारणों की जांच शुरू कर दी है। प्रारंभिक जांच में तेज रफ्तार अथवा लापरवाही को हादसे का संभावित कारण माना जा रहा है। जांच पूरी होने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।
मिशनसच न्यूज के लेटेस्ट अपडेट पाने के लिए हमारे व्हाट्सप्प ग्रुप को जॉइन करें।
https://chat.whatsapp.com/JX13MOGfl1tJUvBmQFDvB1
अन्य खबरों के लिए देखें मिशनसच नेटवर्क


