कठूमर :6 लोग बाल-बाल बचे
कठूमर। क्षेत्र में मंगलवार देर रात एक बड़ा सड़क हादसा सामने आया, जिसमें एक कार अनियंत्रित होकर बिजली के पोल से टकरा गई और देखते ही देखते आग की लपटों में घिर गई। गनीमत रही कि कार में सवार सभी 6 लोग समय रहते बाहर निकल गए, जिससे बड़ा हादसा टल गया।
प्राप्त जानकारी के अनुसार रात करीब 1 बजे कठूमर-हुल्याणा, सोंख रोड पर टीकरी गांव के एल आकार के मोड़ पर एक रेनॉल्ट ट्राइबर कार अचानक अनियंत्रित हो गई और बिजली के पोल से जा टकराई। टक्कर इतनी भीषण थी कि कार में तुरंत आग लग गई और कुछ ही पलों में पूरी कार जलकर खाक हो गई।
कार चालक अनुप पुत्र राजवीर सिंह ने बताया कि खेड़ली गंडासिया, बयाना निवासी 6 लोग कांकरोली गांव में एक शादी समारोह में शामिल होकर वापस लौट रहे थे। इसी दौरान टीकरी के पास यह हादसा हो गया।
घटना की सूचना मिलते ही बिजली विभाग के जेईएन वंशीधर, लोकेश शर्मा, अंकित शर्मा, सतीश मीना, एफआरटी टीम, दमकल विभाग के पायलट ठाकुर सिंह, फायरमैन प्रेमचंद तथा कठूमर पुलिस मौके पर पहुंची। टीम ने कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया।
हादसे के बाद इलाके में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर स्थिति को संभाला और आवश्यक कार्रवाई शुरू कर दी है।
मिशनसच न्यूज के लेटेस्ट अपडेट पाने के लिए हमारे व्हाट्सप्प ग्रुप को जॉइन करें।
https://chat.whatsapp.com/JX13MOGfl1tJUvBmQFDvB1
अन्य खबरों के लिए देखें मिशनसच नेटवर्क


