साइबर ठगी की रकम ट्रांसफर कराने के लिए खाते उपलब्ध कराने का आरोप, पुलिस ने मोबाइल फोन किया बरामद
अलवर। साइबर अपराध के खिलाफ चलाए जा रहे साइबर संग्राम अभियान 3.0 के तहत अखैपुरा थाना पुलिस ने कार्रवाई करते हुए साइबर ठगी के लिए कमीशन पर बैंक खाता उपलब्ध कराने के आरोप में एक युवक को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से वनप्लस 11आर मोबाइल फोन भी बरामद किया है।
दो बैंक खातों में सामने आया 7.05 लाख रुपये का लेनदेन
अखैपुरा थाना प्रभारी संजय शर्मा के अनुसार, 1930 साइबर हेल्पलाइन और समन्वय पोर्टल पर दो बैंक खातों से संबंधित शिकायतें दर्ज थीं। शिकायतों की जांच के दौरान पुलिस को पता चला कि दोनों बैंक खाते कथित रूप से कमीशन पर उपलब्ध कराए गए थे।
पुलिस के अनुसार, इन खातों में साइबर ठगी से प्राप्त रकम ट्रांसफर करवाई जाती थी। जांच में दोनों बैंक खातों में कुल 7 लाख 5 हजार रुपये का फ्रॉड लेनदेन सामने आया।
25 वर्षीय युवक गिरफ्तार
मामले में पुलिस ने दिपांशु उर्फ दीपू पुत्र हुकमचंद सैनी, उम्र 25 वर्ष, निवासी विसारती पाड़ा, लादिया मोहल्ला, अलवर को गिरफ्तार किया है।
पुलिस ने उसके कब्जे से एक मोबाइल फोन भी बरामद किया है। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि बैंक खातों के जरिए हुए लेनदेन का साइबर ठगी के अन्य मामलों से क्या संबंध है और इस नेटवर्क में अन्य कौन-कौन लोग शामिल हैं।
अधिकारियों के निर्देशन में कार्रवाई
पुलिस के अनुसार, यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक सुधीर चौधरी के निर्देशन में की गई। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक मुख्यालय डॉ. दीपक कुमार और अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक ग्रामीण डॉ. प्रियंका रघुवंशी के निर्देशन में साइबर अपराध से जुड़े मामलों की जांच की जा रही है।
कार्रवाई में सहायक उपनिरीक्षक घनश्याम की विशेष भूमिका रही। मामले में पुलिस का अनुसंधान जारी है।
मिशनसच न्यूज के लेटेस्ट अपडेट पाने के लिए हमारे व्हाट्सप्प ग्रुप को जॉइन करें।
https://chat.whatsapp.com/JX13MOGfl1tJUvBmQFDvB1
अन्य खबरों के लिए देखें मिशनसच नेटवर्क


