घाटा बंबोरा हनुमान मंदिर पर शिवभक्तों को कराया भोजन, सुख-समृद्धि की कामना के साथ लिया आशीर्वाद
किशनगढ़बास। सावन माह में हरिद्वार, गंगोत्री और यमुनोत्री से पैदल कांवड़ लेकर लौट रहे शिवभक्तों की सेवा के लिए अलवर-किशनगढ़बास मार्ग पर जगह-जगह सेवा शिविर लगाए जा रहे हैं। इसी क्रम में नगर पालिका चेयरमैन तारामणि सतीश सिंघल के परिवार की ओर से घाटा बंबोरा हनुमान मंदिर पर कांवड़ियों के लिए सेवा शिविर लगाया गया। शिविर में पैदल आ रहे शिवभक्तों को भोजन कराया गया और उनके सुखद कांवड़ यात्रा की कामना की गई।
शिविर में पहुंचने वाले कांवड़ियों का सिंघल परिवार की महिलाओं, बच्चों और पुरुषों ने गर्मजोशी से स्वागत किया। परिवार के सदस्यों ने श्रद्धाभाव से कांवड़ियों को भोजन कराया और उनके पैर छूकर अपने शहर एवं परिवार की सुख-समृद्धि के लिए आशीर्वाद लिया। इस दौरान मंदिर परिसर लगातार ‘बोल बम’ के जयकारों से गूंजता रहा।
चेयरमैन तारामणि सतीश सिंघल ने बताया कि घाटा बंबोरा में यह उनका दूसरा सेवा शिविर है। इससे पहले तिजारा स्थित हनुमान बगीची में वे पिछले कई वर्षों से लगातार कांवड़ियों की सेवा के लिए शिविर लगाते आ रहे हैं। उनका कहना है कि सावन में कांवड़ लेकर आने वाले शिवभक्तों की सेवा करना उनके परिवार के लिए श्रद्धा और सौभाग्य का विषय है।
शिविर में सिंघल परिवार के रिश्तेदारों और मित्रजनों ने भी पहुंचकर सेवा कार्य में सहयोग किया। सभी ने मिलकर कांवड़ियों को भोजन कराया और प्रसाद ग्रहण किया। कांवड़ियों सहित शिविर में पहुंचे लोगों ने मंदिर में जाकर हनुमान जी महाराज के दर्शन किए और आशीर्वाद लिया।
सेवा शिविर के दौरान श्रद्धा, भक्ति और समर्पण का माहौल नजर आया। कांवड़ियों ने भी सेवा में जुटे परिवार के सदस्यों को आशीर्वाद देते हुए कहा कि इस तरह के सेवा कार्य समाज में भाईचारे और धार्मिक भावना को मजबूत करते हैं। आयोजन के दौरान पूरे क्षेत्र में भक्ति और सेवा की भावना दिखाई दी।


