किशनगढ़ में निरीक्षण के दौरान जाम, जलभराव और गंदगी पर जताई नाराजगी, बोले, स्वेच्छा से हटाएं अतिक्रमण, अन्यथा होगी कानूनी कार्रवाई
मिशन सच समाचार पत्र पढ़ने के लिए इस लिंक पर क्लिक करे – https://missionsach.com/epapers/mission-sach-e-paper-monday-13-july-2026
किशनगढ़ बास। मिशन सच समाचार पत्र में प्रकाशित जाम, जलभराव और अतिक्रमण की खबर का असर मंगलवार को देखने को मिला। जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के सचिव एवं अपर जिला एवं सत्र न्यायाधीश अजीत कुड़ी ने किशनगढ़ बास कस्बे का दौरा कर प्रमुख बाजारों और सड़कों का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने अतिक्रमण, जलभराव और सफाई व्यवस्था पर नाराजगी जताते हुए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

राजस्थान राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण, जयपुर के निर्देश तथा जिला एवं सत्र न्यायाधीश शैलेंद्र व्यास के मार्गदर्शन में सचिव अजीत कुड़ी ने तौप सर्कल, तिजारा रोड, अलवर रोड, खैरथल रोड और गंज रोड सहित विभिन्न स्थानों का निरीक्षण किया।
निरीक्षण के दौरान सड़क किनारे किए गए स्थायी और अस्थायी अतिक्रमण पर सचिव ने नाराजगी जताई। उन्होंने मौके पर मौजूद अतिक्रमणकारियों से कहा कि सार्वजनिक सड़कें, बाजार और फुटपाथ आमजन की सुविधा के लिए हैं। यदि निर्धारित समय में स्वेच्छा से अतिक्रमण नहीं हटाया गया तो नियमानुसार कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
उन्होंने कहा कि अतिक्रमण के कारण यातायात बाधित होता है और बरसात के दौरान नालों का पानी रुकने से जलभराव की समस्या और अधिक गंभीर हो जाती है।
सचिव अजीत कुड़ी ने संबंधित विभागों को नालों और नालियों की नियमित सफाई, जल निकासी व्यवस्था दुरुस्त करने, सार्वजनिक शौचालयों की स्वच्छता सुनिश्चित करने तथा क्षतिग्रस्त सड़कों की शीघ्र मरम्मत कराने के निर्देश दिए।
उन्होंने स्पष्ट कहा कि मानसून के दौरान जलभराव रोकने के लिए समय रहते प्रभावी व्यवस्था की जाए तथा विकास कार्यों में किसी भी प्रकार की लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी। सभी विभाग आपसी समन्वय से कार्य करते हुए नियमित प्रगति रिपोर्ट प्रस्तुत करें।
निरीक्षण के दौरान सचिव ने नागरिकों से भी सार्वजनिक स्थलों पर अतिक्रमण नहीं करने, स्वच्छता बनाए रखने और प्रशासन का सहयोग करने की अपील की, ताकि कस्बे को जाम, जलभराव और अव्यवस्था से स्थायी राहत मिल सके।
निरीक्षण के समय संबंधित विभागों के अधिकारी एवं नगर पालिका के प्रतिनिधि भी मौजूद रहे। अधिकारियों ने सफाई व्यवस्था, नालों की सफाई और सड़कों की मरम्मत जल्द कराने का भरोसा दिलाया।
मिशनसच न्यूज के लेटेस्ट अपडेट पाने के लिए हमारे व्हाट्सप्प ग्रुप को जॉइन करें।
https://chat.whatsapp.com/JX13MOGfl1tJUvBmQFDvB1
अन्य खबरों के लिए देखें मिशनसच नेटवर्क


