राहुल गांधी के वायनाड भूस्खलन को राष्ट्रीय आपदा बताने पर गरमाई सियासत, भाजपा बोली— ऐसा कॉन्सेप्ट ही नहीं

नई दिल्ली। केरल के वायनाड में पिछले दिनों हुई भूस्खलन से भारी तबाही को राष्ट्रीय आपदा घोषित करने की मांग पर सियासत गरमाने लगी है। केंद्रीय राज्य मंत्री सुरेश गोपी ने इस घटना को लेकर कहा कि केंद्र सरकार वायनाड भूस्खलन को राष्ट्रीय आपदा घोषित करने की वैधानिकता की जांच करेगी। वायनाड के भूस्खलन में 300 से ज्यादा लोगों की मौत हुई है। लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी ने वायनाड का दौरा कर इस घटना को राष्ट्रीय आपदा बताया था। केंद्रीय राज्य मंत्री सुरेश गोपी ने रविवार को भूस्खलन प्रभावित वायनाड का दौरा किया।

सरकार कानूनी पहलू पर करेगी विचार 

केंद्रीय राज्य मंत्री सुरेश गोपी ने भूस्खलन प्रभावित वायनाड का दौरा करने के बाद कहा कि वायनाड भूस्खलन घटना को राष्ट्रीय आपदा घोषित करने को लेकर केंद्र सरकार कानूनी पहलू पर विचार करेगी। उन्होंने कहा ​कि भूस्खलन प्रभावित इलाके मुनदक्कई और चूरालमाला की समीक्षा कर भूस्खलन के प्रभाव का अध्ययन किया जाएगा। केंद्रीय मंत्री ने वायनाड में बचाव कार्य एवं इस कार्य में लगे अधिकारियों से सर्च अभियान की जानकारी ली। केरल को केंद्र सरकार से मदद दिए जाने के सवाल पर केंद्रीय मंत्री ने कहा कि केरल राज्य को भूस्खलन से हुए नुकसान की समीक्षा कर केंद्र सरकार को सूचना देनी होगी। साथ ही केन्द्र से सहायता की मांग करनी होगी। उसके बाद ही केंद्र सरकार मदद कर पाएगी।

भाजपा ने कहा, राष्ट्रीय आपदा का कॉन्सेप्ट ही नहीं

वायनाड में पिछले दिनों हुई भूस्खलन से तबाही को राष्ट्रीय आपदा घोषित करने की मांग को लेकर भाजपा ने कहा कि राष्ट्रीय आपदा का कॉन्सेप्ट ही नहीं है। भाजपा ने कहा कि यूपीए की सरकार में तय किए गए प्रावधानों के तहत केरल के भूस्खलन को राष्ट्रीय आपदा घोषित नहीं किया जा सकता।

आपदा के दौरान विवाद खड़े नहीं किए जाएं

भाजपा के वरिष्ठ नेता वी मुरलीधरन ने सोशल मीडिया पर साझा अपनी पोस्ट में कहा कि 2013 के संसदीय दस्तावेजों के अनुसार प्राकृतिक आपदा को राष्ट्रीय आपदा घोषित करने का कोई प्रावधान नहीं है। पूर्व केंद्रीय मंत्री ने कहा कि केंद्र सरकार की गाइडलाइन के तहत राष्ट्रीय आपदा का कॉन्सेप्ट ही नहीं है। यह यूपीए सरकार से नियम है। राष्ट्रीय आपदा का कोई कॉन्सेप्ट नहीं है तो आपदाओं को उनकी गंभीरता के आधार पर देखा जाता है। पूर्व केन्द्रीय मंत्री मुरलीधरन ने आपदा के समय बिना कारण विवाद खड़े नहीं करने की बात कही। मुरलीधरन ने कहा कि केंद्र सरकार प्रभावित राज्य सरकारों को आवश्यक सहायता प्रदान करेगी। आपदा के बाद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने राष्ट्रीय आपदा राहत कोष से मृतकों के परिवारों के लिए 2 लाख रुपए और घायलों के परिवारों के लिए 50 हजार  रुपए की घोषणा की।

सियासत क्यूं गरमाई

भाजपा नेता मुरलीधरन का बयान लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी की ओर से वायनाड का दौरा करने के बाद इस भूस्खलन को राष्ट्रीय आपदा बताने के कुछ दिनों बाद आया है। वायनाड के पूर्व सांसद गांधी ने वायनाड, केरल और राष्ट्र के लिए इसे भयानक त्रासदी बताया।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here