कोटा में युवा मुद्दों पर होगी चर्चा, शिक्षा और बेरोजगारी को लेकर सरकार को घेरा
कोटा। लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी बुधवार शाम कोटा के दशहरा मैदान में आयोजित कार्यक्रम में हजारों छात्रों और युवाओं को संबोधित करेंगे। इस अवसर पर राजस्थान विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष टीकाराम जूली ने कहा कि शिक्षा नगरी कोटा से होने वाला यह संवाद केवल छात्रों का कार्यक्रम नहीं, बल्कि देश के भविष्य और युवाओं के अधिकारों की आवाज है।
टीकाराम जूली ने कहा कि राहुल गांधी अपने संबोधन में शिक्षा व्यवस्था, बेरोजगारी, पेपर लीक और युवाओं के भविष्य से जुड़े महत्वपूर्ण मुद्दों को उठाएंगे। उन्होंने केंद्र सरकार पर आरोप लगाते हुए कहा कि शिक्षा के निजीकरण और परीक्षाओं में कथित कुप्रबंधन के कारण हजारों छात्रों का भविष्य प्रभावित हो रहा है।
राष्ट्रव्यापी अभियान की शुरुआत का दावा
जूली ने कहा कि कोटा की यह रैली युवाओं के अधिकारों के लिए राष्ट्रव्यापी अभियान का बिगुल साबित होगी। उन्होंने कहा कि नीट पेपर लीक मामले में केंद्रीय शिक्षा मंत्री के इस्तीफे की मांग जारी रहेगी और यह संघर्ष लाखों युवाओं के भविष्य से जुड़ा हुआ है।
सरकारी एजेंसियों पर लगाए आरोप
नेता प्रतिपक्ष ने आरोप लगाया कि लगातार प्रश्नपत्र लीक होने और परीक्षाओं के रद्द होने के बावजूद प्रभावी कार्रवाई नहीं हो रही है। उन्होंने कहा कि जिन मामलों की जांच केंद्रीय एजेंसियों को सौंपी गई है, उनमें भी अपेक्षित परिणाम सामने नहीं आए हैं। जूली ने यह भी आरोप लगाया कि सरकारी एजेंसियां केंद्र सरकार के प्रभाव में कार्य कर रही हैं। साथ ही उन्होंने कहा कि राहुल गांधी द्वारा युवाओं के मुद्दे उठाने पर आपत्ति जताने वालों को ऐसा करने का कोई अधिकार नहीं है।
चार्टर विमान से पहुंचे राहुल गांधी
टीकाराम जूली ने दावा किया कि पूर्व निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार राहुल गांधी को दिल्ली से ट्रेन द्वारा कोटा पहुंचना था, लेकिन अंतिम समय में कार्यक्रम में संभावित व्यवधान की आशंका को देखते हुए उन्होंने चार्टर विमान से कोटा पहुंचने का निर्णय लिया। जूली के अनुसार, हेलीपैड पर कांग्रेस नेताओं ने उनका स्वागत किया।
मिशनसच न्यूज के लेटेस्ट अपडेट पाने के लिए हमारे व्हाट्सप्प ग्रुप को जॉइन करें।
https://chat.whatsapp.com/JX13MOGfl1tJUvBmQFDvB1
अन्य खबरों के लिए देखें मिशनसच नेटवर्क


