अलवर में प्रेम विवाह को लेकर मारपीट का मामला, युवक के दोनों पैर टूटने का दावा
अलवर। जिले में प्रेम विवाह से जुड़े विवाद के बीच एक युवक पर कथित हमले का मामला सामने आया है। पीड़ित ने आरोप लगाया है कि कोर्ट में निर्धारित पेशी से पहले उसकी पत्नी के परिजनों ने लाठी-डंडों से हमला कर उसे गंभीर रूप से घायल कर दिया। युवक का दावा है कि हमले में उसके दोनों पैर टूट गए, जिसके बाद उसे अस्पताल में भर्ती कराया गया।
जानकारी के अनुसार, तेज प्रकाश सैनी निवासी गांव गारू, गंज खेड़ली (थाना कठूमर) वर्तमान में शास्त्रीनगर, अलवर में रहकर टाइल्स और पत्थर लगाने का कार्य करता है। उसने अक्टूबर 2025 में अपने ही समाज की एक युवती से कोर्ट मैरिज की थी। बताया जा रहा है कि युवती का परिवार इस विवाह से सहमत नहीं था और मामला न्यायालय में विचाराधीन है।
पीड़ित के अनुसार, युवती की 19 जून को न्यायालय में पेशी निर्धारित है। आरोप है कि इससे पहले टेल्को सर्किल स्थित इंडियन गैस एजेंसी के पास 15 से 16 लोग लाठी-डंडों के साथ पहुंचे और उसे घेरकर मारपीट की। युवक का कहना है कि हमलावरों ने बेरहमी से हमला किया, जिससे उसके दोनों पैर गंभीर रूप से घायल हो गए।
घटना के बाद आसपास मौजूद लोगों की सहायता से उसे उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उसका इलाज जारी है।
तेज प्रकाश का कहना है कि प्रेम विवाह के बाद से ही उसे लगातार विरोध और दबाव का सामना करना पड़ रहा था। उसका आरोप है कि ताजा हमला भी उसी विवाद से जुड़ा हुआ है और कोर्ट में होने वाली पेशी से पहले उसे डराने-धमकाने की कोशिश की गई।
घटना की सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस अधिकारियों के अनुसार, शिकायत प्राप्त होने के बाद मामले की जांच शुरू कर दी गई है। जांच के दौरान उपलब्ध साक्ष्यों और तथ्यों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
फिलहाल पुलिस पूरे घटनाक्रम की गंभीरता से पड़ताल कर रही है और मामले से जुड़े सभी पक्षों की जानकारी जुटाई जा रही है।
मिशनसच न्यूज के लेटेस्ट अपडेट पाने के लिए हमारे व्हाट्सप्प ग्रुप को जॉइन करें।
https://chat.whatsapp.com/JX13MOGfl1tJUvBmQFDvB1
अन्य खबरों के लिए देखें मिशनसच नेटवर्क


