जयपुर में स्वास्थ्य कर्मचारियों ने पदोन्नति प्रक्रियाएं जल्द पूरी करने की मांग उठाई
जयपुर। महिला स्वास्थ्य कार्यकर्ता (एएनएम) से नर्सिंग ऑफिसर (एनओ) की सीनियरिटी सूची जारी होने पर ए.एन.एम./एल.एच.वी. संघ राजस्थान, शाखा जिला जयपुर द्वितीय ने निदेशक अराजपत्रित चिकित्सा एवं स्वास्थ्य सेवाएं, राजस्थान के निदेशक श्री राकेश कुमार शर्मा को ज्ञापन सौंपकर आभार व्यक्त किया।
संघ की प्रदेशाध्यक्ष संतरा चौधरी एवं जिला अध्यक्ष अनीता चौधरी के नेतृत्व में सौंपे गए ज्ञापन में टीएसपी सीनियरिटी सूची जारी करने, पदोन्नति सूची जारी कर ऑप्शन पोर्टल खोलने तथा लंबे समय से लंबित एएनएम से एलएचवी, एलएचवी से बीएचएस और बीएचएस से डीएचएस पदोन्नति (डीपीसी) प्रक्रियाओं को शीघ्र पूरा करने की मांग उठाई गई।
निदेशक ने दिया सकारात्मक आश्वासन
ज्ञापन पर हुई चर्चा के दौरान निदेशक राकेश कुमार शर्मा ने संघ प्रतिनिधियों को आश्वस्त किया कि आगे की प्रक्रिया में कुछ समय लगेगा, लेकिन लंबित कार्यों को शीघ्र पूरा करने का प्रयास किया जाएगा। उनके इस आश्वासन से उपस्थित कर्मचारियों में उत्साह और विश्वास का माहौल दिखाई दिया।
लंबित पदोन्नति प्रक्रियाओं के शीघ्र निस्तारण की उम्मीद
संघ पदाधिकारियों ने बताया कि निदेशक ने कर्मचारियों की मांगों को गंभीरता से सुना और संबंधित प्रक्रियाओं को आगे बढ़ाने का भरोसा दिया। इससे महिला स्वास्थ्य कार्यकर्ताओं सहित विभिन्न संवर्गों के कर्मचारियों में लंबे समय से प्रतीक्षित पदोन्नति प्रक्रियाओं के जल्द पूर्ण होने की उम्मीद बढ़ी है।
संघ ने अपेक्षा जताई कि विभाग जल्द ही टीएसपी सूची, पदोन्नति सूची और अन्य लंबित डीपीसी सूचियां जारी कर कर्मचारियों को राहत प्रदान करेगा।
मिशनसच न्यूज के लेटेस्ट अपडेट पाने के लिए हमारे व्हाट्सप्प ग्रुप को जॉइन करें।
https://chat.whatsapp.com/JX13MOGfl1tJUvBmQFDvB1
अन्य खबरों के लिए देखें मिशनसच नेटवर्क

