विधायक ने कहा इससे क्षेत्र का विकास होगा
मिशनसच न्यूज, खेड़ली।कस्बे के लोगों को बेहतर और सुलभ चिकित्सा सुविधाएं उपलब्ध कराने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम उठाते हुए रविवार को खेड़ली के नदबई मोड़ स्थित प्रस्तावित उपजिला चिकित्सालय का भूमि पूजन किया गया। यह बहुप्रतीक्षित उपजिला अस्पताल कठूमर विधायक रमेश खींची के आतिथ्य में विधिवत वैदिक मंत्रोच्चार के साथ शुरू हुआ। उल्लेखनीय है कि उपजिला अस्पताल की घोषणा करीब तीन वर्ष पूर्व की गई थी और अब इसके भवन निर्माण की शुरुआत होने से स्थानीय लोगों में खासा उत्साह देखने को मिला।
रविवार सुबह करीब 11 बजे आयोजित कार्यक्रम में मुख्य अतिथि विधायक रमेश खींची रहे, जबकि अध्यक्षता अलवर सीएमएचओ डॉ. योगेश शर्मा ने की। विशिष्ट अतिथि के रूप में एसडीएम श्याम सुंदर चेतीवाल, तहसीलदार कठूमर भानुप्रताप सिंह, नायब तहसीलदार मनीष आर्य, बीसीएमओ डॉ. अमरदीप, चिकित्सालय प्रभारी डॉ. अंकित जेटली, व्यापार समिति अध्यक्ष प्रमोद बंसल, पूर्व प्रधान संजय खींची सहित अनेक प्रशासनिक अधिकारी, जनप्रतिनिधि, सामाजिक संगठनों के पदाधिकारी एवं बड़ी संख्या में आमजन उपस्थित रहे।
कार्यक्रम के दौरान भूमि दानदाता भामाशाह पवन जैन चौधरी द्वारा करीब 11 हजार गज भूमि उपजिला अस्पताल के लिए दान की गई, जिस पर उपस्थित अतिथियों ने वैदिक मंत्रों के साथ भूमि पूजन कर अस्पताल भवन की नींव रखी। इस अवसर पर सभी अतिथियों का माल्यार्पण व साफा पहनाकर स्वागत किया गया।
सभा को संबोधित करते हुए विधायक रमेश खींची ने कहा कि उपजिला चिकित्सालय के निर्माण से खेड़ली और आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों के लोगों को उच्च स्तरीय चिकित्सा सुविधाएं यहीं उपलब्ध होंगी, जिससे उन्हें अलवर या अन्य बड़े शहरों की ओर रुख नहीं करना पड़ेगा। उन्होंने अस्पताल के लिए बहुमूल्य भूमि दान करने वाले भामाशाह पवन जैन चौधरी का कस्बे वासियों की ओर से आभार व्यक्त करते हुए कहा कि ऐसे दान समाज के लिए प्रेरणास्रोत होते हैं।
अलवर सीएमएचओ डॉ. योगेंद्र शर्मा ने उपजिला अस्पताल के निर्माण, प्रस्तावित सुविधाओं और चिकित्सा सेवाओं की जानकारी देते हुए बताया कि अस्पताल बनने के बाद क्षेत्र में स्वास्थ्य सेवाओं की गुणवत्ता में उल्लेखनीय सुधार होगा। इसके पश्चात भूमि दानदाता के नाम की शिला पट्टिका स्थापित की गई।
कार्यक्रम के दौरान अलवर एवं खेड़ली के सकल जैन समाज सहित अन्य समाजों के वरिष्ठ लोगों ने भूमि दानदाता पवन जैन चौधरी का माल्यार्पण व साफा पहनाकर अभिनंदन किया। इस मौके पर अलवर जैन समाज के अध्यक्ष राजेंद्र जैन, रविन्द्र जैन, सुमित जैन, अशोक जैन, प्रदीप जैन, योगेश जैन, डॉ. मनीष जैन, ललित जैन, जैन समाज के पूर्व अध्यक्ष योगेश जैन, गोकुल खंडेलवाल, गोपेश भारद्वाज, दीनदयाल जैन, अग्रवाल समाज के अध्यक्ष गोपाल बंसल, सतीश कुमार सहित अनेक गणमान्य नागरिक मौजूद रहे।
कार्यक्रम शांतिपूर्ण और उत्साहपूर्ण वातावरण में संपन्न हुआ। स्थानीय लोगों ने उपजिला चिकित्सालय के निर्माण को खेड़ली के विकास और स्वास्थ्य सुविधाओं के विस्तार की दिशा में एक ऐतिहासिक कदम बताया।
मिशनसच नेटवर्क से जुडने के लिए हमारे व्हाट्सप्प ग्रुप को फॉलो करें https://chat.whatsapp.com/JX13MOGfl1tJUvBmQFDvB1
मिशनसच न्यूज के लेटेस्ट अपडेट पाने के लिए हमारे व्हाट्सप्प ग्रुप को जॉइन करें।
https://chat.whatsapp.com/JX13MOGfl1tJUvBmQFDvB1
अन्य खबरों के लिए देखें मिशनसच नेटवर्क
https://missionsach.com/category/india


