बानसूर-नारायणपुर क्षेत्र में दो खेल मैदान और दो लाइब्रेरी भवन बनेंगे, डीएमएफटी से जारी हुई राशि
मिशनसच न्यूज, थानागाजी। जिले में खेल और शिक्षा के बुनियादी ढांचे को मजबूत करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम उठाते हुए जिला कलेक्टर प्रियंका गोस्वामी ने बानसूर और नारायणपुर क्षेत्र में खेल स्टेडियम व पुस्तकालय भवनों के निर्माण के लिए कुल 1 करोड़ 30 लाख रुपये की स्वीकृति जारी की है। यह राशि डिस्ट्रिक्ट मिनरल फाउंडेशन ट्रस्ट (डीएमएफटी) के माध्यम से जयपुर ग्रामीण सांसद राव राजेन्द्र सिंह की अनुशंसा पर स्वीकृत की गई है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, खेल सुविधाओं के विकास के लिए नारायणपुर नगरपालिका स्थित जोधपुर खेल स्टेडियम तथा बानसूर नगरपालिका के राजकीय उच्च माध्यमिक स्कूल खेल मैदान के लिए 50-50 लाख रुपये आवंटित किए गए हैं। इस प्रकार दोनों स्टेडियमों के निर्माण एवं विकास कार्यों के लिए कुल 1 करोड़ रुपये खर्च किए जाएंगे। इससे स्थानीय खिलाड़ियों को बेहतर प्रशिक्षण और प्रतियोगिताओं के लिए सुविधाएं मिल सकेंगी।
इसके अतिरिक्त शिक्षा क्षेत्र को सुदृढ़ करने के उद्देश्य से बानसूर की बामनवास ग्राम पंचायत में पुस्तकालय भवन सह कंप्यूटर फर्नीचर निर्माण कार्य के लिए 15 लाख रुपये स्वीकृत किए गए हैं। वहीं राजकीय उच्च माध्यमिक स्कूल रायली में भी पुस्तकालय भवन और कंप्यूटर फर्नीचर निर्माण के लिए 15 लाख रुपये की मंजूरी दी गई है।
प्रशासन का मानना है कि इन निर्माण कार्यों से विद्यार्थियों को अध्ययन के लिए आधुनिक संसाधन उपलब्ध होंगे और ग्रामीण क्षेत्रों में शिक्षा व खेल गतिविधियों को नया प्रोत्साहन मिलेगा। स्थानीय लोगों ने इस निर्णय का स्वागत करते हुए इसे युवाओं के लिए लाभकारी कदम बताया है।
मिशनसच न्यूज के लेटेस्ट अपडेट पाने के लिए हमारे व्हाट्सप्प ग्रुप को जॉइन करें।
https://chat.whatsapp.com/JX13MOGfl1tJUvBmQFDvB1
अन्य खबरों के लिए देखें मिशनसच नेटवर्क


