कड़े मुकाबले में दीनदयाल गुप्ता को हराया, जीत के बाद बाजार में निकला विजय जुलूस
खैरथल। राजस्थान की प्रमुख अनाज मंडियों में शामिल खैरथल अनाज मंडी में द्विवार्षिक अध्यक्ष पद के लिए शनिवार को हुए चुनाव शांतिपूर्ण माहौल में संपन्न हो गए। चुनाव को लेकर मंडी के व्यापारियों में सुबह से ही उत्साह और उत्सुकता का माहौल बना रहा। पूरे दिन मंडी परिसर में चुनावी चर्चाएं होती रहीं और व्यापारी बड़ी संख्या में मतदान करने पहुंचे।
इस बार अध्यक्ष पद के लिए मुकाबला काफी रोचक और कड़ा रहा। चुनावी मैदान में वर्तमान अध्यक्ष सर्वेश गुप्ता और व्यापारी नेता दीनदयाल गुप्ता आमने-सामने थे। दोनों प्रत्याशियों के समर्थक पूरे दिन सक्रिय रहे और मतदान के बाद सभी की निगाहें परिणाम पर टिकी रहीं।
अनाज मंडी के कुल 349 लाइसेंसधारी व्यापारियों ने अपने मताधिकार का प्रयोग करते हुए नए अध्यक्ष का चयन किया। चुनाव अधिकारी दिनेश डाटा और केदारनाथ खंडेलवाल ने बताया कि मतदान सुबह 10 बजे से शुरू होकर दोपहर 3 बजे तक शांतिपूर्ण तरीके से चला। इसके बाद शाम 3:30 बजे से मतगणना की प्रक्रिया शुरू की गई।
देर शाम घोषित परिणाम में सर्वेश गुप्ता ने अपने प्रतिद्वंद्वी दीनदयाल गुप्ता को 42 वोटों के अंतर से पराजित कर अध्यक्ष पद पर जीत हासिल की। इस जीत के साथ ही सर्वेश गुप्ता लगातार दूसरी बार खैरथल अनाज मंडी के अध्यक्ष चुने गए।
परिणाम घोषित होते ही मंडी परिसर में खुशी की लहर दौड़ गई। समर्थकों और व्यापारियों ने नारे लगाकर नवनिर्वाचित अध्यक्ष का जोरदार स्वागत किया। बड़ी संख्या में व्यापारी उन्हें बधाई देने के लिए पहुंचे और समर्थकों ने ढोल-नगाड़ों के साथ मंडी से खैरथल बाजार तक विजय जुलूस निकाला, जिसमें व्यापारी नाचते-गाते नजर आए।
इस अवसर पर पवन अग्रवाल, संदीप अग्रवाल, कमलेश अग्रवाल, विपिन अग्रवाल, रॉबिन अग्रवाल, गोपाल गुप्ता, महावीर टोडरपुर वाले, आयुष (श्याम इंडस्ट्रीज), सुरेश, महावीर, हंसराज, नरेश, मनोज गुप्ता, सतीश बोरा, हरि, अनिल गुप्ता, शेर सिंह और राजेंद्र मैनपुर वाले सहित अनेक व्यापारी मौजूद रहे।
मिशनसच न्यूज के लेटेस्ट अपडेट पाने के लिए हमारे व्हाट्सप्प ग्रुप को जॉइन करें।
https://chat.whatsapp.com/JX13MOGfl1tJUvBmQFDvB1
अन्य खबरों के लिए देखें मिशनसच नेटवर्क


