More
    Homeराजस्थानखैरथलखैरथल निकाय चुनाव में करणी सेना का बड़ा दांव, दो निर्दलीय प्रत्याशियों...

    खैरथल निकाय चुनाव में करणी सेना का बड़ा दांव, दो निर्दलीय प्रत्याशियों को समर्थन; दोनों राष्ट्रीय दलों के खिलाफ खोला मोर्चा

    यूजीसी के विरोध में खैरथल के वार्ड 2 और 42 में उतरी करणी सेना, अनिल सिंह और बबीता देवी के पक्ष में मतदान की अपील

    खैरथल-तिजारा। नगर परिषद चुनाव के बीच श्री राजपूत करणी सेना, जिला खैरथल-तिजारा ने बड़ा राजनीतिक कदम उठाते हुए दोनों प्रमुख राष्ट्रीय दलों के खिलाफ दो निर्दलीय प्रत्याशियों को आधिकारिक समर्थन देने की घोषणा की है। संगठन ने यूजीसी से जुड़े अपने विरोध को चुनावी मैदान तक पहुंचाते हुए वार्ड नंबर 2 से अनिल सिंह और वार्ड नंबर 42 से बबीता देवी के समर्थन का ऐलान किया।

    करणी सेना की ओर से आयोजित जनसभा में बड़ी संख्या में वार्डवासी और संगठन के पदाधिकारी मौजूद रहे। सभा में संगठन के पदाधिकारियों ने दोनों निर्दलीय प्रत्याशियों के पक्ष में मतदान करने का आह्वान किया।

    वार्ड 2 और 42 में निर्दलीय प्रत्याशियों के समर्थन का ऐलान

    कार्यक्रम की अध्यक्षता जिला अध्यक्ष नीरज सिंह तंवर और वरिष्ठ उपाध्यक्ष मुकेश सिंह शेखावत ने की। दोनों ने उपस्थित लोगों को संबोधित करते हुए संगठन के निर्णय और चुनावी रणनीति की जानकारी दी।

    जिला प्रभारी राजकुमार सिंह पदमाडा ने सभा को संबोधित करते हुए यूजीसी से जुड़े कानून को लेकर सरकार पर निशाना साधा। उन्होंने इसे सवर्ण समाज के हितों के खिलाफ बताते हुए काला कानून करार दिया। उन्होंने आरोप लगाया कि इस कानून का असर समाज के युवाओं के भविष्य और सामाजिक भाईचारे पर पड़ सकता है।

    दोनों राष्ट्रीय दलों के खिलाफ मतदान की अपील

    करणी सेना पदाधिकारियों ने कहा कि संगठन ने यूजीसी के विरोध के स्वरूप इस बार दोनों प्रमुख राष्ट्रीय दलों से अलग निर्दलीय प्रत्याशियों को समर्थन देने का निर्णय लिया है। पदाधिकारियों ने वार्डवासियों से अनिल सिंह और बबीता देवी के पक्ष में मतदान कर उन्हें विजयी बनाने की अपील की।

    संगठन की ओर से दोनों प्रत्याशियों की जीत के लिए पूरी ताकत से चुनाव मैदान में उतरने का दावा किया गया।

    सैकड़ों वार्डवासी रहे मौजूद

    जनसभा में श्री राजपूत करणी सेना के पदाधिकारी इंद्रजीत सिंह, सोहन सिंह, दिनेश सिंह सहित बड़ी संख्या में कार्यकर्ता और वार्डवासी मौजूद रहे। चुनाव के बीच करणी सेना की ओर से दो निर्दलीय प्रत्याशियों को समर्थन दिए जाने के बाद खैरथल नगर परिषद के वार्ड 2 और 42 का चुनावी मुकाबला और अधिक रोचक हो गया है।

    अब देखना होगा कि करणी सेना का यह चुनावी दांव दोनों वार्डों में निर्दलीय प्रत्याशियों के पक्ष में कितना प्रभाव डालता है और इसका निकाय चुनाव के परिणामों पर क्या असर पड़ता है।

    मिशनसच न्यूज के लेटेस्ट अपडेट पाने के लिए हमारे व्हाट्सप्प ग्रुप को जॉइन करें।
    https://chat.whatsapp.com/JX13MOGfl1tJUvBmQFDvB1

    अन्य खबरों के लिए देखें मिशनसच नेटवर्क

    https://missionsach.com/category/india

    latest articles

    explore more

    LEAVE A REPLY

    Please enter your comment!
    Please enter your name here