घर-घर संपर्क कर जनसमस्याओं को बनाएंगे चुनावी मुद्दा, बिजली-पानी-शिक्षा-स्वास्थ्य पर रहेगा फोकस
मिशनसच न्यूज, खैरथल। आम आदमी पार्टी ने आगामी विधानसभा चुनाव, पंचायत चुनाव एवं शहरी वार्ड पार्षद चुनाव को लेकर अपनी तैयारियां तेज कर दी हैं। इसी क्रम में पार्टी द्वारा “आप आपके साथ” अभियान की शुरुआत की गई है। इस अभियान के माध्यम से आम आदमी पार्टी जनता से सीधा संवाद स्थापित कर उनकी समस्याओं को प्रमुख मुद्दा बनाकर चुनावी मैदान में उतरेगी।
आम आदमी पार्टी खैरथल-तिजारा जिले के कोऑर्डिनेटर राकेश शर्मा ने बताया कि पार्टी बिजली, पानी, शिक्षा, स्वास्थ्य एवं भ्रष्टाचार जैसे अहम विषयों पर फोकस करते हुए आमजन के बीच जाएगी। उन्होंने कहा कि वर्तमान समय में आम जनता मूलभूत सुविधाओं से जुड़ी समस्याओं से जूझ रही है और आम आदमी पार्टी इन मुद्दों को मजबूती से उठाकर समाधान की दिशा में कार्य करेगी।
पार्टी नेताओं का कहना है कि युवाओं के रोजगार से जुड़े मुद्दे भी चुनाव में प्रमुखता से उठाए जाएंगे। आम आदमी पार्टी का लक्ष्य है कि आमजन की वास्तविक समस्याओं को सरकार तक पहुंचाकर उनका समाधान सुनिश्चित किया जाए।
“आप आपके साथ” अभियान के तहत पार्टी कार्यकर्ता घर-घर संपर्क कर लोगों को पार्टी की नीतियों, योजनाओं और आगामी विजन से अवगत कराएंगे। साथ ही आमजन से सुझाव लेकर उन्हें पार्टी के चुनावी एजेंडे में शामिल किया जाएगा। अभियान को लेकर पार्टी कार्यकर्ताओं में उत्साह देखा जा रहा है।
पार्टी पदाधिकारियों ने कहा कि आम आदमी पार्टी आमजन की आवाज़ बनकर खैरथल-तिजारा जिले में मजबूत विकल्प प्रस्तुत करेगी और जनता के विश्वास पर खरा उतरने का प्रयास करेगी।
मिशनसच न्यूज के लेटेस्ट अपडेट पाने के लिए हमारे व्हाट्सप्प ग्रुप को जॉइन करें।
https://chat.whatsapp.com/JX13MOGfl1tJUvBmQFDvB1
अन्य खबरों के लिए देखें मिशनसच नेटवर्क


