सड़क हादसे में नौकरी पर जा रहे युवक ने तोड़ा दम, परिवार में पसरा मातम
खैरथल। जिले के तातारपुर थाना क्षेत्र में शुक्रवार सुबह हुए दर्दनाक सड़क हादसे में 22 वर्षीय युवक की मौत हो गई। मृतक की पहचान तातारपुर बालकिशन की ढाणी निवासी अखिल चौधरी के रूप में हुई है।
जानकारी के अनुसार अखिल रोजाना की तरह बाइक से नीमराना स्थित कंपनी में नौकरी पर जा रहा था। इसी दौरान अलवर-बहरोड़ रोड पर एक रोडवेज बस ने उसकी बाइक को टक्कर मार दी। हादसा इतना भीषण था कि युवक गंभीर रूप से घायल हो गया।
मृतक के चाचा रामपाल चौधरी ने बताया कि रोडवेज बस गलत दिशा से आ रही थी और अचानक बाइक से टकरा गई। आसपास मौजूद लोगों ने तुरंत घायल युवक को अलवर जिला अस्पताल पहुंचाया, जहां उपचार के दौरान डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
घटना की सूचना मिलते ही तातारपुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और दुर्घटना स्थल का निरीक्षण कर जांच शुरू कर दी। पुलिस ने शव को जिला अस्पताल की मोर्चरी में रखवाकर पोस्टमार्टम की कार्रवाई कराई।
परिजनों के अनुसार अखिल अविवाहित था और परिवार की जिम्मेदारियों में सहयोग कर रहा था। परिवार में दो भाई-बहन हैं। जवान बेटे की अचानक मौत से घर में कोहराम मच गया है। गांव में भी घटना के बाद शोक का माहौल है।
पुलिस फिलहाल रोडवेज बस चालक की तलाश कर रही है तथा हादसे के कारणों की जांच में जुटी हुई है।
मिशनसच न्यूज के लेटेस्ट अपडेट पाने के लिए हमारे व्हाट्सप्प ग्रुप को जॉइन करें।
https://chat.whatsapp.com/JX13MOGfl1tJUvBmQFDvB1
अन्य खबरों के लिए देखें मिशनसच नेटवर्क


