अखिल विश्व गायत्री परिवार की राष्ट्रीय जन जागरण ज्योति कलश यात्रा पांचवे दिन नांगल डूंगरा पहुंची
मिशन सच न्यूज़, अलवर। अखिल विश्व गायत्री परिवार द्वारा संचालित राष्ट्रीय जन जागरण ज्योति कलश यात्रा शनिवार को अपने पांचवे दिन भी निरंतर आगे बढ़ती रही। यात्रा दादर खेड़ी, बाबल गांव, भगत सिंह कॉलोनी होते हुए नांगल डूंगरा पहुंची, जहां दीप यज्ञ का आयोजन किया गया।

गायत्री मंत्र से गूंजे गांव
ग्रामवासियों ने कलश यात्रा का स्वागत ढोल-नगाड़ों और मंगल गीतों से किया। महिलाओं और युवाओं ने गायत्री मंत्र का सामूहिक उच्चारण कर पदयात्रा निकाली, जिससे पूरा वातावरण भक्ति और ऊर्जा से भर गया।
शांतिकुंज प्रतिनिधि ने दिया संदेश
शांतिकुंज हरिद्वार से आए प्रतिनिधि जितेंद्र सिंह जादौन ने यात्रा के दौरान अपने गुरु वेदमूर्ति तपोनिष्ठ पं. श्रीराम शर्मा आचार्य के विचारों को समाज के सामने रखा। उनके प्रेरणादायी उद्बोधन से ग्रामवासी गहराई से प्रभावित हुए।
नशा, फुहड़ता और अपव्यय छोड़ने की शपथ
कार्यक्रम के दौरान सभी उपस्थित लोगों ने नशामुक्ति, फुहड़ जन्मदिन, गंदे गाने, खर्चीली शादी और मृत्यु भोज जैसी कुरीतियों को त्यागने की शपथ ली। साथ ही हर व्यक्ति ने अपने जीवन से एक-एक बुराई छोड़ने का संकल्प लिया।
ग्रामवासियों की भागीदारी
यात्रा में ग्रामवासी संतोष कुमार, कस्तूरी लाल, अशोक कुमार, सुशील कुमार, ओम प्रकाश, महेंद्र कुमार, सुरेंद्र कौर, राजबाला, स्वर्ण देवी, गीत देवी और लाभ चंद सक्रिय रूप से शामिल रहे।
संस्कार जागरण का अभियान
यात्रा के संयोजक विद्यासागर ने बताया कि गायत्री परिवार के सदस्य इन गांवों में बार-बार पहुंचकर संस्कृति और संस्कारों की अलख जगाते रहेंगे। उन्होंने कहा कि यह यात्रा केवल धार्मिक आयोजन नहीं, बल्कि सामाजिक और सांस्कृतिक सुधार का अभियान है।
सुधरेगा व्यक्ति तो सुधरेगा समाज
रथ के साथ चल रहे जिला संयोजक रामकिशन मीणा, सियाराम गोयल, मोतीलाल गुप्ता, सरपंच प्रकाश सांवरिया, रमेश चंद गुप्ता, घनश्याम गुप्ता, विकास यादव, ओमप्रकाश जांगिड़ और प्रेम सांवरिया ने सभा को संबोधित किया। उन्होंने सामूहिक रूप से “हम सुधरेंगे तो जग सुधरेगा” का संदेश दिया।
अगला पड़ाव हरसोली
यात्रा कल रविवार को हरसोली गांव के लिए प्रस्थान करेगी, जहां भी इसी प्रकार दीप यज्ञ, पदयात्रा और जनजागरण कार्यक्रम आयोजित होंगे।
देश व प्रदेश की विशेष खबरों के लिए जुड़े मिशनसच नेटवर्क से


