गुरुपूर्णिमा महोत्सव में होगा सत्संग, गुरु पूजा और विशाल भंडारा, श्रद्धालुओं से सहभागिता की अपील
किशनगढ़बास। गुरुपूर्णिमा पर्व के पावन अवसर पर सामाजिक और धार्मिक आस्था के केंद्र नजदीकी गांव गहणकर स्थित श्री 108 ब्रह्मलीन संत कमलनाथ आश्रम में श्रद्धा और भक्ति से ओत-प्रोत दो दिवसीय धार्मिक कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। आयोजन के दौरान सत्संग, भजन-कीर्तन, गुरु पूजा और विशाल भंडारे का आयोजन होगा, जिसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के शामिल होने की संभावना है।
आश्रम के ब्रह्मलीन श्री 108 कमलनाथ जी महाराज के शिष्य एवं कमेटी सदस्य पूरन भगत, मांगीलाल गुप्ता और मुकेश गुप्ता ने बताया कि 28 जुलाई को आश्रम परिसर में रात्रि के समय भजन-कीर्तन एवं सत्संग का आयोजन होगा। वहीं 29 जुलाई को प्रातः 7 बजे कीर्तन, 10 बजे गुरु पूजा तथा इसके बाद श्रद्धालुओं के लिए विशाल भंडारे का आयोजन किया जाएगा।
कमेटी सदस्यों ने बताया कि गुरुपूर्णिमा गुरु के प्रति श्रद्धा, सम्मान और कृतज्ञता व्यक्त करने का पर्व है। इस दिन गुरु के बताए आदर्शों और आध्यात्मिक मार्ग पर चलने का संकल्प लिया जाता है। इसी उद्देश्य से आश्रम में विशेष धार्मिक आयोजन किए जा रहे हैं।
आयोजकों के अनुसार गुरुपूर्णिमा महोत्सव को लेकर आश्रम परिसर को आकर्षक रूप से सजाया जाएगा। दूर-दराज से आने वाले श्रद्धालुओं के लिए रहने, भोजन एवं अन्य आवश्यक सुविधाओं की भी समुचित व्यवस्था की गई है, ताकि सभी श्रद्धालु श्रद्धापूर्वक कार्यक्रम में भाग ले सकें।
आश्रम समिति ने क्षेत्रवासियों एवं श्रद्धालुओं से अधिक से अधिक संख्या में उपस्थित होकर गुरु पूजा, सत्संग और भंडारे में शामिल होने तथा पुण्य लाभ अर्जित करने की अपील की है।
मिशनसच न्यूज के लेटेस्ट अपडेट पाने के लिए हमारे व्हाट्सप्प ग्रुप को जॉइन करें।
https://chat.whatsapp.com/JX13MOGfl1tJUvBmQFDvB1
अन्य खबरों के लिए देखें मिशनसच नेटवर्क


