गौरवोदय महोत्सव में मुनिश्री सौम्यसागर जी ससंघ का सानिध्य रहेगा, अभिषेक, विधान, प्रवचन और गुरु गरिमा चित्रांकन प्रतियोगिता होंगे आकर्षण
अलवर। परम पूज्य आचार्य भगवन संत शिरोमणि आचार्य श्री विद्यासागर जी महामुनिराज के दीक्षा दिवस के उपलक्ष्य में 18 जुलाई (शनिवार) को भगवान वासुपूज्य दिगंबर जैन मंदिर, अपनाघर शालीमार, अलवर में “गुरु गौरवोदय महोत्सव” का भव्य आयोजन किया जाएगा। यह आयोजन परम पूज्य मुनिश्री सौम्यसागर जी मुनिराज ससंघ के पावन सानिध्य में संपन्न होगा।
आयोजकों ने बताया कि दशकों बाद आचार्य श्री विद्यासागर जी का दीक्षा दिवस अलवर में इतने भव्य स्वरूप में मनाया जा रहा है। मुनिश्री सौम्यसागर जी ससंघ के चातुर्मास के अवसर पर यह आयोजन श्रद्धालुओं के लिए विशेष आध्यात्मिक अवसर होगा।
प्रातः 6:30 बजे से कार्यक्रम का शुभारंभ श्रीजी के अभिषेक, शांतिधारा, मंगलाचरण, चित्र अनावरण एवं दीप प्रज्वलन से होगा। इसके बाद पाद प्रक्षालन, शास्त्र भेंट, नित्यनियम पूजन, आचार्य श्री विद्यासागर जी विधान तथा मुनिश्री के प्रवचन आयोजित किए जाएंगे।
महोत्सव का विशेष आकर्षण “गुरु गरिमा चित्रांकन प्रतियोगिता” होगी, जिसमें सभी आयुवर्ग के प्रतिभागी भाग ले सकेंगे। प्रतियोगिता के लिए प्रतिभागियों को आचार्य श्री विद्यासागर जी का स्वयं बनाया चित्र अथवा उनके साथ जुड़ी स्मृतियों का ए-3 आकार के पेपर पर कोलाज बनाकर 16 जुलाई तक मंदिर समिति में अपना नाम और मोबाइल नंबर सहित जमा कराना होगा। उत्कृष्ट प्रतिभागियों को आकर्षक पुरस्कार प्रदान किए जाएंगे।
सांय 6:30 बजे शंका समाधान, श्रीजी की महाआरती एवं गुरुभक्ति कार्यक्रम आयोजित होंगे। आयोजन के उपरांत श्रद्धालुओं के लिए वात्सल्य भोजन की भी व्यवस्था रहेगी।
प्रबंध कमेटी भगवान वासुपूज्य दिगंबर जैन मंदिर, अपनाघर शालीमार एवं सकल दिगंबर जैन समाज, अलवर ने समाज के सभी श्रद्धालुओं से परिवार सहित उपस्थित होकर आयोजन को सफल बनाने का आग्रह किया है। विस्तृत कार्यक्रम शीघ्र जारी किया जाएगा।
मिशनसच न्यूज के लेटेस्ट अपडेट पाने के लिए हमारे व्हाट्सप्प ग्रुप को जॉइन करें।
https://chat.whatsapp.com/JX13MOGfl1tJUvBmQFDvB1
अन्य खबरों के लिए देखें मिशनसच नेटवर्क

