गैस सिलेंडर किल्लत और महंगाई पर जताया विरोध, कालाबाजारी रोकने की उठाई मांग
जयपुर। राजस्थान में रसोई गैस सिलेंडर की बढ़ती कीमतों और आपूर्ति में आ रही भारी किल्लत के खिलाफ कांग्रेस ने शुक्रवार को जयपुर में बड़ा विरोध प्रदर्शन किया। शहीद स्मारक पर आयोजित इस प्रदर्शन में राजस्थान विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष टीकाराम जूली सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता और आमजन शामिल हुए। प्रदर्शन के दौरान राज्य सरकार की नीतियों के खिलाफ जमकर नारेबाजी की गई और गैस संकट को लेकर तीखा विरोध दर्ज कराया गया।
प्रदर्शन के बाद जारी अपने विस्तृत बयान में टीकाराम जूली ने कहा कि प्रदेश की आम जनता आज रसोई गैस के लिए दर-दर भटकने को मजबूर है। शहरों से लेकर ग्रामीण क्षेत्रों तक लोग घंटों कतारों में खड़े होकर सिलेंडर का इंतजार कर रहे हैं, वहीं कई जगहों पर लोगों को मजबूरी में अधिक कीमत देकर सिलेंडर खरीदना पड़ रहा है। उन्होंने कहा कि यह स्थिति सरकार की लापरवाही और अव्यवस्थित आपूर्ति व्यवस्था का परिणाम है।
उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार जमीनी हकीकत को नजरअंदाज कर केवल कागजी दावे कर रही है। एक तरफ सरकार कहती है कि कहीं कोई किल्लत नहीं है, जबकि दूसरी तरफ प्रदेश के कई जिलों में गैस की भारी कमी देखने को मिल रही है। इससे आमजन में आक्रोश बढ़ता जा रहा है और लोगों का सरकार से भरोसा उठता जा रहा है।
आर्थिक मुद्दों पर भी उन्होंने सरकार को घेरते हुए कहा कि अंतरराष्ट्रीय बाजार में तेल की कीमतों और खरीद नीति का सीधा असर आम आदमी की जेब पर पड़ रहा है। उन्होंने कहा कि पहले रुपये की स्थिति पर सरकार बड़े-बड़े दावे करती थी, लेकिन अब हालात बिगड़ने पर जवाब देने से बच रही है।
कालाबाजारी के मुद्दे को उठाते हुए टीकाराम जूली ने कहा कि गैस की किल्लत के बीच मुनाफाखोरों के हौसले बुलंद हो गए हैं। सरकारी आंकड़ों के अनुसार प्रदेशभर में गैस कालाबाजारी की 1319 शिकायतें दर्ज हुई हैं, जिनमें से लगभग 60 प्रतिशत शिकायतें अकेले जयपुर जिले से हैं। उन्होंने इसे बेहद चिंताजनक बताते हुए कहा कि राजधानी में ही ऐसी स्थिति होना सरकार की विफलता को दर्शाता है।
उन्होंने कहा कि यदि समय रहते सरकार ने प्रभावी कदम नहीं उठाए, तो यह समस्या और विकराल रूप ले सकती है। उन्होंने मांग की कि गैस की आपूर्ति व्यवस्था को तुरंत दुरुस्त किया जाए, कालाबाजारी करने वालों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई हो और आम जनता को राहत देने के लिए ठोस निर्णय लिए जाएं।
अंत में टीकाराम जूली ने कहा कि कांग्रेस पार्टी इस मुद्दे पर जनता के साथ खड़ी है और यदि हालात नहीं सुधरे तो आंदोलन को और तेज किया जाएगा।
मिशनसच न्यूज के लेटेस्ट अपडेट पाने के लिए हमारे व्हाट्सप्प ग्रुप को जॉइन करें।
https://chat.whatsapp.com/JX13MOGfl1tJUvBmQFDvB1
अन्य खबरों के लिए देखें मिशनसच नेटवर्क


