छात्राओं के विकास को लेकर ज्ञापन सौंपा, NSS-NCC सहित पांच प्रमुख मांगें उठाईं
अलवर। अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (एबीवीपी) की अलवर इकाई ने नवीनतम खुली कन्या महाविद्यालय में अध्ययनरत छात्राओं के हितों को लेकर उच्च शिक्षा विभाग के आयुक्त को ज्ञापन भेजकर विभिन्न आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराने की मांग की है। परिषद का कहना है कि छात्राओं के सर्वांगीण विकास और बेहतर शैक्षणिक वातावरण के लिए महाविद्यालय में आधारभूत सुविधाओं का विस्तार किया जाना आवश्यक है।
ज्ञापन में एबीवीपी ने महाविद्यालय में राष्ट्रीय सेवा योजना (NSS) इकाई प्रारंभ करने की मांग की है, ताकि छात्राओं में सामाजिक उत्तरदायित्व, नेतृत्व क्षमता और सेवा भावना का विकास हो सके। इसके साथ ही राष्ट्रीय कैडेट कोर (NCC) की सुविधा शुरू करने का भी आग्रह किया गया है, जिससे छात्राओं को अनुशासन, नेतृत्व और राष्ट्रसेवा के अवसर प्राप्त हों।
परिषद ने सभी पात्र छात्राओं को समय पर छात्रवृत्ति उपलब्ध कराने तथा छात्रवृत्ति वितरण प्रक्रिया को सरल और पारदर्शी बनाने की मांग भी उठाई। एबीवीपी का कहना है कि आर्थिक सहायता समय पर मिलने से छात्राओं को अपनी शिक्षा निर्बाध रूप से जारी रखने में मदद मिलेगी।
ज्ञापन में महाविद्यालय में महिला प्राचार्य की नियुक्ति की मांग भी शामिल है। परिषद का मानना है कि महिला नेतृत्व से छात्राओं की समस्याओं के समाधान और प्रशासनिक कार्यों में बेहतर समन्वय स्थापित किया जा सकेगा।
इसके अतिरिक्त एबीवीपी ने नियमित खेलकूद प्रतियोगिताओं और टूर्नामेंटों के आयोजन पर जोर देते हुए कहा कि इससे छात्राओं की खेल प्रतिभा को निखारने और उन्हें जिला, राज्य तथा राष्ट्रीय स्तर पर आगे बढ़ने का अवसर मिलेगा।
विद्यार्थी परिषद ने उच्च शिक्षा विभाग से आग्रह किया है कि छात्राओं के हितों को ध्यान में रखते हुए इन मांगों पर शीघ्र सकारात्मक निर्णय लिया जाए, ताकि महाविद्यालय में गुणवत्तापूर्ण शिक्षा के साथ समग्र व्यक्तित्व विकास का वातावरण तैयार हो सके।
मिशनसच न्यूज के लेटेस्ट अपडेट पाने के लिए हमारे व्हाट्सप्प ग्रुप को जॉइन करें।
https://chat.whatsapp.com/JX13MOGfl1tJUvBmQFDvB1
अन्य खबरों के लिए देखें मिशनसच नेटवर्क


