More
    Homeराजस्थानजयपुरजयपुर : ज्ञान विहार विश्वविद्यालय में राष्ट्रीय पाक कला प्रतियोगिता...

    जयपुर : ज्ञान विहार विश्वविद्यालय में राष्ट्रीय पाक कला प्रतियोगिता “बिरयानी बैटल” का पोस्टर विमोचन

    “बिरयानी बैटल” का मूल्यांकन पाँच सितारा होटलों के अनुभवी शेफों की ज्यूरी द्वारा किया जाएगा

    जयपुर।   सुरेश ज्ञान विहार विश्वविद्यालय के स्कूल ऑफ होटल मैनेजमेंट विभाग द्वारा आयोजित राष्ट्रीय स्तर की पाक कला प्रतियोगिता “बिरयानी बैटल” के पोस्टर का विमोचन विश्वविद्यालय परिसर में गरिमामय समारोह के बीच सम्पन्न हुआ। कार्यक्रम में शिक्षकों एवं विद्यार्थियों की उत्साहपूर्ण उपस्थिति रही।

    पोस्टर का विमोचन विश्वविद्यालय के प्रेसिडेंट (कुलपति) डॉ. अरुणांशु हलदार द्वारा किया गया। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि इस प्रकार की राष्ट्रीय प्रतियोगिताएँ विद्यार्थियों को व्यावसायिक दक्षता विकसित करने का अवसर प्रदान करती हैं तथा उन्हें प्रतिस्पर्धात्मक वातावरण में अपनी प्रतिभा निखारने की प्रेरणा देती हैं।

    ज्ञान विहार स्कूल ऑफ होटल मैनेजमेंट के वरिष्ठ प्राध्यापक डॉ. प्रवीण शर्मा ने अपने संबोधन में कहा कि पाक कला केवल स्वाद तक सीमित नहीं है, बल्कि यह रचनात्मकता, अनुशासन और प्रस्तुति कौशल का समन्वय है। ऐसी प्रतियोगिताएँ विद्यार्थियों के आत्मविश्वास को बढ़ाती हैं और उन्हें उद्योग की अपेक्षाओं के अनुरूप तैयार करती हैं।

    प्रतियोगिता के संयोजक शेफ डॉ. कुलदीप सिंह गौर ने जानकारी दी कि “बिरयानी बैटल” का मूल्यांकन पाँच सितारा होटलों के अनुभवी शेफों की ज्यूरी द्वारा किया जाएगा, जिससे प्रतियोगिता की निष्पक्षता और गुणवत्ता सुनिश्चित होगी। उन्होंने बताया कि आयोजन की सम्पूर्ण व्यवस्थाएँ स्टूडेंट कोऑर्डिनेटर देव वशिष्ठ के नेतृत्व में लगभग 150 विद्यार्थियों की टीम द्वारा की जा रही हैं।

    इस राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिता में होटल मैनेजमेंट के विभिन्न महाविद्यालयों की 25 टीमें भाग ले रही हैं, जो अपनी विशिष्ट शैली और स्वाद के साथ बिरयानी के विविध व्यंजनों की प्रस्तुति देंगी। आयोजन समिति के अनुसार प्रतियोगिता 20 फरवरी को होटल मैनेजमेंट विभाग में आयोजित की जाएगी।

    विश्वविद्यालय प्रशासन का मानना है कि “बिरयानी बैटल” जैसे आयोजन न केवल विद्यार्थियों को व्यावहारिक अनुभव प्रदान करते हैं, बल्कि आतिथ्य उद्योग के साथ अकादमिक समन्वय को भी सुदृढ़ करते हैं। आयोजन को लेकर विद्यार्थियों में विशेष उत्साह देखा जा रहा है।

    मिशनसच न्यूज के लेटेस्ट अपडेट पाने के लिए हमारे व्हाट्सप्प ग्रुप को जॉइन करें।
    https://chat.whatsapp.com/JX13MOGfl1tJUvBmQFDvB1

    अन्य खबरों के लिए देखें मिशनसच नेटवर्क

    https://missionsach.com/category/india

    latest articles

    explore more

    LEAVE A REPLY

    Please enter your comment!
    Please enter your name here