संगठनों ने कहा एंटी कन्वर्ज़न बिल के बाद सितम्बर में नौवीं घटना
जयपुर। राजस्थान विधानसभा में हाल ही में एंटी कन्वर्ज़न बिल पारित होने के बाद राज्यभर में ईसाइयों पर हमलों की घटनाएँ लगातार बढ़ रही हैं। मंगलवार को जयपुर के प्रताप नगर स्थित हिंदुस्तान बाइबल इंस्टीट्यूट (HBI) पर बजरंग दल के कार्यकर्ताओं ने यह आरोप लगाते हुए हमला किया कि संस्थान धर्म परिवर्तन कराता है।
हमले के समय चेन्नई मुख्यालय से आए एक सदस्य और बागीदौरा (बांसवाड़ा) से आए एक अतिथि निरीक्षण यात्रा पर मौजूद थे। बजरंग दल ने दोनों पर धर्म परिवर्तन कराने का आरोप लगाते हुए हंगामा किया। इसके बाद प्रताप नगर थाना पुलिस ने दोनों को पूछताछ के नाम पर थाने ले जाकर उनके फोन जब्त कर लिए। पुलिस ने HBI के प्रभारी का टेलीफोन, लैपटॉप, पेनड्राइव और प्रॉपर्टी पेपर तक जब्त कर लिए।
नागरिक समाज का विरोध
घटना के बाद नागरिक समाज संगठनों का प्रतिनिधिमंडल DCP संजीव नैण, ACP विनोद कुमार शर्मा और SHO मनोज से मिला। प्रतिनिधिमंडल में सवाई सिंह, जॉन मैथ्यू (अध्यक्ष, जयपुर क्रिश्चियन फेलोशिप), फादर विजय पाल सिंह (संयुक्त सचिव, JCF) और कविता श्रीवास्तव (PUCL) शामिल थे।
प्रतिनिधिमंडल ने इस घटना की निंदा की और कहा कि मुख्यमंत्री के विधानसभा क्षेत्र जयपुर में तीन दिन में यह दूसरी घटना है। इससे पहले 21 सितम्बर को पास्टर डेनियल पर प्रार्थना के दौरान हमला हुआ था, जिसकी FIR विरोध के बाद दर्ज हुई, लेकिन अब तक कोई गिरफ्तारी नहीं हुई।
9 हमले सिर्फ सितम्बर में
नागरिक समाज संगठनों के अनुसार, एंटी कन्वर्ज़न बिल पारित होने के बाद से सितम्बर माह में ही ईसाइयों पर 9 हमले हो चुके हैं। इनमें शामिल हैं –
2 हमले डूंगरपुर में
1 हमला अलवर में
2 हमले जयपुर में
2 घटनाएँ कोटपूतली-बहरोड़ ज़िले में
2 घटनाएँ अनूपगढ़ (हनुमानगढ़) ज़िले में
इन घटनाओं में बच्चों के हॉस्टल में जबरन घुसपैठ और पर्यवेक्षकों की पिटाई तक शामिल है
इस वक्तव्य पर हस्ताक्षर करने वाले संगठनों में जयपुर क्रिश्चियन फेलोशिप, राजस्थान समग्र सेवा संघ, PUCL, APCR, राजस्थान बौद्ध महासंघ, NFIW, AIDWA, दमन प्रतिरोध आंदोलन राजस्थान, बौद्ध सोसाइटी ऑफ इंडिया, जमाअत-ए-इस्लामी राजस्थान, जमीअत उलेमा-ए-हिन्द और दलित मुस्लिम एकता मंच शामिल हैं।
मिशन सच से जुडने के लिए हमारे व्हाट्सप्प ग्रुप को फॉलो करे https://chat.whatsapp.com/JnnehbNWlHl550TmqTcvGI?mode=r_c
इसी तरह की स्टोरी के लिए देखें मिशन सच की अन्य रिपोर्ट https://missionsach.com/dr-dilip-sethi-alwar-pediatrician-biography.html

