महापंचायत के आह्वान पर चना खरीद के लिए किसानों का जयपुर में प्रदर्शन
जयपुर। चना उत्पादक किसानों के हितों को लेकर 5 मई को जयपुर में बड़ा जुटान होने जा रहा है। किसान महापंचायत के राष्ट्रीय अध्यक्ष रामपाल जाट के नेतृत्व में किसान चना खरीद के पंजीयन को लेकर एकत्रित होंगे।
किसान नेताओं के अनुसार, केंद्र सरकार द्वारा ‘मूल्य समर्थन योजना’ के तहत चना, मसूर, अरहर एवं उड़द की शत-प्रतिशत खरीद के लिए मानक संचालन प्रक्रिया तैयार की गई है। इसके अंतर्गत नेफैड और एनसीसीएफ को सीधे खरीद का दायित्व सौंपा गया है।
बताया जा रहा है कि नई गाइडलाइन में पहले से लागू 25% खरीद सीमा और एक किसान से प्रतिदिन 40 क्विंटल खरीद की सीमा को प्रभावहीन कर दिया गया है, जिससे किसानों को पूरी उपज बेचने का रास्ता साफ हुआ है। इसके बावजूद राजस्थान में इन प्रावधानों का पूर्ण रूप से पालन नहीं हो रहा है।
आरोप है कि राज्य में सहकारी संस्थाओं के माध्यम से खरीद को प्राथमिकता दी जा रही है, जबकि केंद्रीय एजेंसियों के जरिए खरीद बाधित हो रही है। वर्तमान में अजमेर जिले के किशनगढ़ मंडी में सीमित स्तर पर खरीद हो रही है और वहां भी 40 क्विंटल की सीमा लागू बताई जा रही है।
किसानों का कहना है कि चना का न्यूनतम समर्थन मूल्य 5875 रुपये प्रति क्विंटल है, जबकि बाजार में यह 5000 से 5200 रुपये प्रति क्विंटल तक बिक रहा है। ऐसे में किसानों को प्रति क्विंटल करीब 700 से अधिक का नुकसान उठाना पड़ रहा है, जिससे उनकी आर्थिक स्थिति प्रभावित हो रही है।
किसान महापंचायत के प्रदेश मंत्री बत्ती लाल बैरवा ने अधिक उत्पादन वाले किसानों से 5 मई को जयपुर पहुंचकर केंद्रीय सहकारी संस्थाओं में पंजीयन कराने का आह्वान किया है। उन्होंने बताया कि 40 क्विंटल से अधिक उत्पादन वाले किसान इस अभियान में शामिल होंगे।
किसान नेताओं ने कहा कि यदि चना खरीद की प्रक्रिया को सही तरीके से लागू नहीं किया गया, तो आंदोलन और तेज किया जाएगा।
मिशनसच न्यूज के लेटेस्ट अपडेट पाने के लिए हमारे व्हाट्सप्प ग्रुप को जॉइन करें।
https://chat.whatsapp.com/JX13MOGfl1tJUvBmQFDvB1
अन्य खबरों के लिए देखें मिशनसच नेटवर्क


